डूंगरपुर २१ नवंबर/वागड महोत्सव के उद्घाटन समारोह में जिले भर से आए गैर न्त्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर न केवल मौजूद दर्शकों अपितु अतिथियों को भी सम्मोहित कर दिया। प्रतियोगिता में जिले की पंचायत समितियों से आए गैर नृत्य दलों ने ढोल कुण्डी की मिश्रित ताल के साथ पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों व डांडियों के साथ झूम-झूमकर कार्तिक मास में फागुन का नजारा पेश कर दिया। वागड की होली के इस पारंपरिक लोक नृत्य पर बतौर अतिथि मौजूद प्रदेश के जनजाति क्षेत्रीय विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा तथा नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी भी आदिवासी लोक नर्तकों के बीच उतर आए और उनसे डांडिये लेकर बडी देर तक झूमते रहे।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यप्रकाश के निर्णायक दल द्वारा प्रतियोगिता का परिणाम निकाला गया । प्रतियोगिता में डूंगरपुर ब्लॉक प्रथम, बिछीवाडा द्वितीय व सीमलवाडा व सागवाडा संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
इस मौके पर जिला कलक्टर नीरज के.पवन, पुलिस अधीक्षक विजेन्द्र झाला, अतिरिक्त कलक्टर टीआर जोशी, समाजसेवी गजेन्द्रसिंह चौहान,हीरालाल भील, सुशीला भील समेत बडी तादाद में ग्रामीणजन व शहरवासी मौजूद थे।