वागड महोत्सव २००७ में गुरूवार के आकर्षण
21 Nov
2007
प्रातः रहेगा नौकायन व तैराकी का रोमांच, काव्य रसिकों के लिए सजेगी शाम, विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन गुरूवार को
डूंगरपुर २१ नवंबर/पांच दिवसीय रंगारंग वागड महोत्सव २००७ के तहत गुरूवार को नौकायन एवं तैराकी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगी वहीं रात्रि कार्यक्रमों में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देशप्रदेशों के कवियों की प्रस्तुतियां काव्यरसिकों को आह्लादित करेंगी।
जिला कलक्टर नीरज के. पवन ने बताया कि इसके तहत प्रातः ८ बजे गेपसागर में नौकायन एवं तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले भर के नौकाचालक एवं तैराक सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले नौकाचालक व तैराक को पुरस्कृत किया जाएगा।
रात्रिकालीन कार्यक्रमों में गुरूवार को मुख्य आकर्षण लक्ष्मण मैदान में आयोजित होने वाला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन रहेगा। कवि सम्मेलन में वीर रस के ख्यातनाम कवि विनीत चौहान(अलवर), लाफ्टर शो कलाकार व हास्य कवि प्रताप फौजदार(मुम्बई), श्रृंगार रस के गीतकार विष्णु सक्सेना(सिकन्दराबाद), हास्य कवि संजय झाला(दौसा), मंजू दीक्षित(आगरा), रास बिहारी गौड(अजमेर), एकेश पार्थ(जयपुर), प्रवीण शुक्ल(दिल्ली) तथा पद्म अलबेला(अलीगढ) काव्य पाठ करेंगे।
|