थम्ब पूजन के साथ ही होली की शुरूआत
22 Feb
2010

बीकानेर होली के अवसर पर होने वाले आठ दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ आज शहर के विभिन्न मोहल्लों में सदियों पुरानी परंपरा के साथ हुआ। थम्ब पूजन परंपरा के क्रम में बीकाणी व्यासों का चौक, लालाणी व्यासों का चौक, चौथाणी ओझा चौक व सुनारों की गुवाड में वेदोक्त मंत्रोचारण के साथ पहले भूमि पूजन, थम्ब शुद्धिकरण व थम्बस्थ देवताओं का पूजन कर थम्ब रोपण किया गया। ये थम्ब होलाष्टक में निश्चित स्थलों पर आठ दिनों तक रोपित रहेंगे। चौथाणी ओझा चौक में स्व.जमना दास कल्ला रम्मत के उस्ताद फूना महाराज व कवि द्वारका प्रसाद पुरोहित के नेतृत्व में थम्ब पूजन व रोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। पं.आसू, पं.कपिल ओझा के सामूहिक मंत्रोचारण के साथ एडवोकेट मदन गोपाल व्यास, रामकिशन व्यास, झमू मस्तान, एस.पी. मनमोहन ओझा, आनंद ओझा, गिरिराज सन्नू आदि ने थम्ब पूजन रोपण कार्य संपन्न करवाया। थम्ब पूजन के अवसर पर पारंपरिक रूप से चंग पर धमाल के साथ फाग गीतों का गायन किया गया। कीकाणी व्यासों के चौक में समाजसेवी मन्नू काका के नेतृत्व में थम्ब पूजन व रोपण कार्य संपन्न हुआ। पं.अशोक ओझा ने पूजन कार्य संपन्न करवाया। इस अवसर पर बृजेश्वर व्यास, काला महाराज, गिरिराज, राजेश व्यास, कृष्ण मुरारी, गणेश व्यास, बसंत व्यास, श्याम व्यास, देवांश व्यास सहित मोहल्ले के बुजुर्ग युवा व बच्चे उपस्थित थे।
|