दिल्ली सरकार के वित्त मंत्री ए.के. वालिया सोमवार को दिल्ली का सातवां बजट पेश किया| विपक्ष के भारी शोर शराबे के बीच पेश किए गए इस बजट ने एक बार फिर आम आदमी की कमर तोड़ दी है| आज पेश हुए बजट में सरकार ने रसोई गैस पर सब्सिडी चालीस रुपए कम कर दी है| सरकार के इस निर्णय से रसोई गैस की कीमतें और बढ़ जाएंगी।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिला दीक्षित भी बजट में करों और शुल्कों में वृद्धि के बारे में पहले ही इशारा कर चुकी थीं| पहले से ही महंगाई की मार झेल रही दिल्ली की जनता को राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है| ज्ञात हो कि दिल्ली में दूध के दाम मौजूदा हफ्ते में दूसरी बढ़ा दिए गए थे| साथ ही सीएनजी की कीमतों में भी पिछले हफ्ते ही बढ़ौतरी की गई थी।बजट में सीएनजी की कीमत 1 रूपए 90 पैसे प्रति किलो और डीजल की कीमत 2.37 रूपए बढ़ाई गई है। जिसके बाद राजधानी में अगले कुछ दिनों में यात्री भाड़े में और इजाफा होने की उम्मीद है| बजट में हुई घोषणाओं के अनुसार नई दरें एक अप्रेल से लागू होंगी।