देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को अगले 36 घंटे में उड़ाने और महाराष्ट्र विधानसभा के विरोधी दल नेता एकनाथ खडसे को 24 घंटे में जान से मारने की धमकी मिली है। राज्य के गृह मंत्री आर.आर. पाटिल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच का आदेश दिया है। भाजपा विधायक देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को विधानसभा में कहा है कि खडसे के मोबाइल पर नरेश चेड्डी नामक एक अज्ञात व्यक्ति ने एसएमएस के जरिये रविवार को धमकी दी कि अगले ३६ घंटों में मुंबई को उड़ा दिया जायेगा। अनामी रॉय (पुलिस महानिदेशक), के.पी. रघुवंशी (एटीएस प्रमुख) और टीवी चैनल वाले शहर को बचा सकें, तो बचा लें। उन्होंने बताया कि इस धमकी की जानकारी खडसे ने उसी वक्त मुंबई पुलिस आयुक्त डी. शिवानंदन और गृह मंत्री आर.आर. पाटिल को फोन कर देनी चाहिए। पर उस वक्त उनसे संपर्क नहीं हो सका। गौरतलब है कि महाराष्ट्र का बजट अधिवेशन 18 मार्च से मुंबई में शुरू हुआ है। खुफिया विभाग ने अधिवेशन शुरू होने से एक दिन पहले ही गृह विभाग को चेताया था कि आतंकवादी संगठन मुंबई में विस्फोटकों से लदा ट्रक या फिर तेल भरे टैंकर को किसी फाइव स्टार होटल से टकरा कर आत्मघाती हमले को अंजाम देने के फिराक में हैं। इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने विधान भवन परिसर में किसी भी मंत्री की गाड़ी को सुरक्षा के मद्देनजर नहीं जाने दिया गया। खुद मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और उप-मुख्यमंत्री छगन भुजबल भी अधिवेशन के पहले दिन विधिमंडल में मुख्य प्रवेश द्वार से पैदल चल कर गये।