जयपुर खेल एवं युवा मामलात राज्य मंत्री श्री मांगी लाल गरासिया ने बुधवार को राज्य विधानसभा में बताया कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के लिए आधारभूत संरचना के निर्माण एवं आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस वर्ष बजट में 15 करोड 44 लाख 59 हजार रुपये का प्रावधान किया है।
श्री गरासिया ने प्रश्नकाल के दौरान विधायकों द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि उक्त राशि में से 4 करोड 94 लाख 50 हजार रुपये की राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस राशि में से राज्य की 869 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान तैयार करने के साथ खेलों के लिए अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाऐंगी।
खेल राज्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढावा देने तथा खेलकूद गतिविधियों में अधिक से अधिक युवाओं व छात्र-छात्राओं को भाग लेने के लिए प्रेरित करने हेतु प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर राजीव गांधी यूथ क्लब का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनमें सम्बन्धित पंचायत क्षेत्र के युवाओं व विद्यार्थियों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नवलगढ विधानसभा क्षेत्र की 10 पंचायतों को भी राजीव गांधी यूथ क्लब खोलने के लिए शामिल किया गया है तथा प्रत्येक पंचायत को एक-एक लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
इससे पहले विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा के मूल प्रश्न के उत्तर में खेल एवं युवा मामलात राज्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार भारत सरकार की योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों के निर्माण का विचार रखती है। उन्होंने बताया कि देश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के लिए आधारभूत अवसरंचना के निर्माण एवं आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से वर्ष 2008-09 में प्रारम्भ की गई केन्द्रीय प्रवर्तित योजना ‘‘पंचायत युवा क्रीडा और खेल अभियान’’ (पी.वाई.के.के.ए.) के अन्तर्गत देश की सभी ग्राम पंचायतों अथवा ब्लॉक पंचायतों में नौ वर्षों में (प्रथम चार वर्षों में) प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत ग्राम पंचायत, ब्लॉक पंचायत तथा अगले पांच वर्षों में प्रतिवर्ष 12 प्रतिशत खेल मैदान तैयार कराना, खेल सुविधाएं, उपकरण, प्रशिक्षण उपलब्ध कराना व प्रतियोगिताओं का आयोजन कराना प्रस्तावित है।
श्री गरासिया ने बताया कि युवा क्रीडा और खेल अभियान के अन्तर्गत वर्ष 2008-09 के लिए राज्य के सभी जिलों की 10 प्रतिशत ग्राम पंचायतों (869 ग्राम पंचायतों) जिनकी आबादी 4600 से अधिक है के साथ-साथ राज्य के सभी ब्लॉकों के 10 प्रतिशत ब्लॉकों (24 ब्लॉक) को सम्मिलित किया गया है। इसके लिए वर्ष 2008-09 के लिए योजना के विभिन्न प्रावधानों के तहत 1297.34 लाख रुपये के केन्द्रीय हिस्से के विरुद्घ राज्यांश 247.34 लाख रुपए है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढावा देने हेतु प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर राजीव गांधी यूथ क्लब का गठन करने का विचार रखती है। श्री गरासिया ने बताया कि राजीव गांधी यूथ क्लब के गठन को ‘‘पंचायत युवा क्रीडा और खेल अभियान’’ के अन्तर्गत खेल मैदानों को तैयार करने की प्रक्रिया से जोडा गया है अतः ‘‘पंचायत युवा क्रीडा और खेल अभियान’’ योजना के अन्तर्गत खेल मैदानों के तैयार होने के साथ-साथ ही राजीव गांधी यूथ क्लब गठित करना प्रस्तावित है।