बांसवाडा में दो दिवसीय महिला जन सुनवाई एवं जागरुकता शिविर माही क्लब में गुरुवार से
22 Aug
2007
सभी तैयारियां पूर्ण, राज्य महिला आयोग अध्यक्षा आएंगी

बांसवाडा, २२ अगस्त/महिलाओं में जागरुकता का संचार, समाज-जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत तथा कार्मिक महिलाओं सहित आम महिलाओं की विभिन्न समस्याओं के निराकरण, महिलाओं के अधिकार और कानून, महिला अत्याचारों के उन्मूलन से जुडे पहलुओं और महिला विकास एवं जागरुकता के तमाम आयामों के बारे में व्यापक लोक चेतना के मकसद से बांसवाडा के माही क्लब में दो दिवसीय आयोजन गुरुवार से शुरू होगा।
इसका आयोजन यूनिसेफ, राजस्थान राज्य महिला आयोग तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से स्वयंसेवी संगठन ’वाग्धारा ‘ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यापक उद्देश्यों को लेकर माही क्लब में आयोजित जिलास्तरीय महिला जन सुनवाई और जागरुकता शिविर का शुभारंभ २३ अगस्त गुरुवार को सवेरे १० होगा।
आयोग अध्यक्ष श्रीमती तारा भण्डारी आएंगी
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में राजस्थान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती तारा भण्डारी शिरकत करेंगी। वे दोनों ही दिन के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। इस दौरान् वे रात्रि विश्राम माही रेस्ट हाउस में करेंगी।
महिलाओं को मिलेगा सुकून
बांसवाडा में महिलाओं के उत्थान तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के मकसद से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं को खासा सुकून प्राप्त होगा। इसमें राज्य महिला आयोग की अध्यक्षता श्रीमती तारा भण्डारी एवं सदस्य सचिव, युनिसेफ के राज्य समन्वयक एवं सम्बद्ध प्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारीगण और महिला मामलों के जानकारों द्वारा समस्याओं को सुना जाएगा।
विभिन्न विभागों की महिला कार्मिकों से संबंधित समस्याओं के बारे में संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में सरकारी विभागों के अतिरिक्त बांसवाडा में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, उच्च माध्यमिक विद्यालय व कन्या महाविद्यालयों की छात्राएं एवं व्याख्याताएं भी भाग लेंगी।
सभी तैयारियां पूर्ण
दो दिवसीय आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर आयोजक संस्थाओं और विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समेकित बाल विकास विभाग की उप निदेशक श्रीमती कृष्णा श्रीवास्तव एवं वाग्धारा संस्था के सचिव जयेश जोशी ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल माही क्लब की व्यवस्थाओं तथा तैयारियों की समीक्षा की और बताया कि इस आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
गुरुवार को महिला जन सुनवाई, शुक्रवार को जागरुकता शिविर
दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार २३ अगस्त को प्रथम सत्र में महिला जनसुनवाई के तहत जेण्डर, सामाजिक असमानता एवं अन्य महिला समस्याओं से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी तथा २४ अगस्त, शुक्रवार को द्वितीय सत्र में महिला अधिकारों व कानूनों पर जागरुकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
वागधारा संस्था की परियोजना प्रबन्धक महुआ बनर्जी ने बताया कि माही क्लब में आयोजित इस आयोजन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और महिलाओं से संबंधित संस्थाओं, प्रतिनिधियों और विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। आयोजक संस्थाओं ने जिले की महिलाओं, खासकर पीडताओं से इस शिविर और महिला सुनवाई में हिस्सेदारी का आह्वान किया है।
कलक्टर ने दिए विभागों को निर्देश
महिला जन सुनवाई तथा जागरुकता शिविर को लेकर जिला कलक्टर विकास एस. भाले ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभाग की महिला कल्याण योजनाओं का विवरण एवं प्रगति प्रतिवेदन के साथ इसमें हिस्सेदारी करें। जिला कलक्टर ने बैंक ऑफ बडौदा के लीड बैंक अधिकारी, सभी स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला जनप्रतिनिधियों आदि से भी इसमें शिरकत करने का आग्रह किया गया है।
|