पंचकुण्डीय महायज्ञ के साथ गणेश महोत्सव
22 Aug
2009
बीकानेर। दाऊजी रोड स्थित श्रीआदि गणेश मंदिर में दो दिवसीय पंचकुण्डीय महायज्ञ शनिवार को विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ शुरू हुआ। विश्व कल्याणार्थ व राज्य में सुख शांति, समृद्धि के लिए किए जा रहे इस पंचकुण्डीय महायज्ञ में पंडित राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में 21 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोचारण के साथ आहूतियां दी जा रही है। मंडल मदन व्यास ने बताया कि प्रातः 8 बजे प्रारंभ हुए यज्ञ में यजमान मनोज के.बिस्सा, कैलाश पारीक, श्याम पारीक, सोहनलाल सोनी, सांवरमल जोशी सपत्नीक आहूतियां दे रहे है। दिनभर चलने वाले इस महायज्ञ में 1008 मंत्रोचारण के साथ आहूतियां दी गयी। व्यास ने बताया कि कल गणेश चतुर्थी के दिन प्रातः 4 बजे गजानंद के दूध, दही, घी, शहद, चीनी, पंचामृत, केशर, मानसरोवर से लाए जल से अभिषेक किया जायेगा। अभिषेक पं.सुनील व्यास, विजय श्रीमाली, जितेन्द्र श्रीमाली मंत्रोचारण के साथ संपन्न करायेंगे। तत्पश्चात श्रृंगार कर आरती की जायेगी। दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव आरती की जायेगी, जिसमें गणपति के 501 किलो का प्रसाद व 151 किलो के फलों का भोग लगाया जायेगा। इसके तुरंत बाद यज्ञ की पूर्णाहूति में अनेक श्रद्धालु आहूतियां देंगे। सायंकाल जागरण किया जायेगा, जिसमें रामसा व्यास, राजेन्द्र व्यास, अशोक बांठिया, मनोज बिस्सा, कैलाश पारीक, लक्ष्मीनारायण सहित अनेक कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर को विभिन्न प्रकार की रंगरोशनी से सजाया गया है। भक्त मंडल के खेमचंद सोनी, भगतराज, राजू स्वामी, दिनेश उपाध्याय, ललित सोनी, रामसा, रवि कल्ला, गोपाल रंगा, भंवर पंवार, श्याम सुंदर सांखी, श्यामसुंदर प्रजापत, राजेश आचार्य, विजय कुमार, नंदन जोशी आदि सेवाओं में जुटे हुए है।
|