जयपुर, २२ अक्टूबर। तेरहवें वित्त आयोग को सुझाव देने के लिए केरल के वित्त मंत्री डॉ. टी.एम. थॉमस इसाक की अध्यक्षता में गठित उप समिति की बैठक २५ अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित की गई है।
शास्त्री भवन, नई दिल्ली में आयोजित इस बैठक में राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री कालूलाल गुर्जर भाग लेंगे। राज्यों के पंचायती राज मंत्रियों की यह उप समिति पंचायती राज संस्थाओं के सुदृढीकरण के सम्बन्ध में तेरहवें वित्त आयोग के समक्ष अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।
इस बैठक में उप समिति के सदस्य तय शर्तों के दायरे में पंचायती राज संस्थाओं की मजबूती के सम्बन्ध में अपनी सिफारिशें तैयार करेंगे।
यह उप समिति हाल ही तिरूअनंतपुरम में राज्यों के पंचायती राज मंत्रियों की परिषद् की बैठक के दौरान गठित की गई थी। केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री श्री मणि शंकर अय्यर के अलावा आसाम, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उडीसा, मध्यप्रदेश, अरूणाचल प्रदेश, राजस्थान और सिक्किम के पंचायती राज मंत्री इस उप समिति के सदस्य हैं।