बीकानेर मे भी चलेगी जॉय राइड
22 Oct
2009
बच्चों की ट्रेन (जॉय राइड) एक करोड रुपये, हस्त शिल्प गैलेरी एक करोड 30 लाख रुपये, सीवरेज कार्य 52 करोड रुपये, विज्ञान पार्क 14 लाख 50 हजार रुपये, विज्ञान पार्क में डॉयनासोर के मॉडल

रवीन्द्र रंगमंच पर व्यय 665 लाख रुपये प्रस्तावित,
वित्तीय बिड राज्य सरकार को भेजी,
न्यास ने 2 करोड रुपये की निविदाएं आमंत्रित की
बीकानेर, पब्लिक पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए एक करोड की लागत से जॉय रेल स्थापित की जाएगी। इसके अलावा विज्ञान पार्क में बच्चों के ज्ञान का संवर्द्धन करने के लिए डायनासोर सहित अनेक मॉडल स्थापित किए जाएंगे। जिला कलक्टर श्रेया गुहा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्टर सभा कक्ष में हुई नगर विकास न्यास की बैठक में यह निर्णय किया गया। बैठक में 54 करोड 30 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों की स्वीकृति दी गई। अधूरे रवीन्द्र रंगमंच को पूर्ण करवाने के लिए 2 करोड रुपये की तकनीकी बिड कर वितीय बिड खोलकर राज्य सरकार से स्वीकृति के लिए प्रेषित की गई है।
जिला कलक्टर व नगर विकास न्यास अध्यक्ष गुहा ने बताया कि पब्लिक पार्क में स्थित बच्चों के पार्क में एक करोड रुपये की लागत से बच्चों की रेलगाडी जनवरी 2010 तक लग जाएगी। इसका शिलान्यास भी उन्होंने पब्लिक पार्क में गुरुवार को ही बैठक के बाद कर दिया। उन्होंने बताया कि पब्लिक पार्क के बच्चों के पार्क के सामने विद्या व बुद्धि की देवी सरस्वती की प्रतिमा के पीछे के हिस्से में हस्त शिल्प गैलेरी का निर्माण करवाया जाएगा। इसके निर्माण पर नगर विकास न्यास द्वारा एक करोड 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गैलेरी में बीकानेर के ऐतिहासिक, पुरातत्व, औद्योगिक विकास को दर्शाया जाएगा। गैलेरी में ऊंट की खाल की सुनहरी चित्राकारी के साथ ऊंटों के बाल व खाल के अन्य उत्पाद, ऊंटनी के दूध से निर्मित विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध रहेगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि 52 करोड रुपये की लगात से सीवरेज का कार्य करवाया जाएगा। इनमें रामपुरा, बंगलानगर, भीमनगर, मुरलीधर व्यास नगर कॉलोनी के शेष सीवरेज कार्य शामिल है। उन्होंने बताया कि जय नारायण व्यास नगर में बनने वाले विज्ञान पार्क का कार्य भी शीध्र पूरा किया जाएगा। पार्क में विज्ञान के विभिन्न मॉडलों के साथ बच्चे डायनासोर का मॉडल से रूबरू हो सकेंगे।
गुहा ने बताया कि आगामी दिसम्बर माह तक सूरसागर एक बार फिर स्वच्छ जल से भरा जाएगा और यहां लोग नोकायन का लुत्फ उठा सकेंगे। यहां दो ट्यूब वेलों के माध्यम से पानी डालने का कार्य किया जाएगा। अगर और जरूरत पडती है तो अन्य टयूबवेलों से जोडा जाएगा। सूरसागर के पास एक पार्किग स्थल निर्धारित किया जाएगा। सूरसागर की क्षतिग्रस्त चार दीवारी का कार्य भी शीध्र पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने न्यास सचिव को निर्देश दिए कि ऐतिहासिक स्थल के आस पास खडे अवैध ठेलों व वाहनों को हटाया जाए। इसके लिए अतिरिक्त कलक्टर शहर व न्यास सचिव जायजा लेकर पुलिस के सहयोग से अवैध ठेलों व वाहनों को हटवाने की कार्यवाही करेंगे।
बच्चों की रेलगाडी (जॉय राइड) के लिए ट्रेक निर्माण के कार्य का शिलान्यास जिला कलक्टर ने किया। इस अवसर पर डॉ. तनवीर मालावत, न्यास सचिव हनुमान सिंह शेखावत, कार्यकारी एजेन्सी खत्री सप्लायर्स के विजय खत्री, सहायक कलक्टर ए.एच.गौरी, पूर्व पार्षद आनंद सिंह सोढा सहित बडी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
|