नन्ही विभू ने भी दिखाए तैराकी में जौहर
22 Nov
2007 शहर के मॉडर्न पब्लिक स्कूल की कक्षा ६ की छात्र विभू चौबीसा ने भी अपने जौहर दिखाते हुए प्रतियोगियों के साथ तैराकी की।
डूंगरपुर २२ नवंबर/ स्थानीय गेपसागर में आयोजित हुई तैराकी प्रतियोगिता के दौरान शहर के मॉडर्न पब्लिक स्कूल की कक्षा ६ की छात्र विभू चौबीसा ने भी अपने जौहर दिखाते हुए प्रतियोगियों के साथ तैराकी की।
शहर के एडवोकेट कमलेश चौबीसा एवं अनिता पुरोहित की १२ वर्षीय बेटी विभू ने जिला कलक्टर नीरज के. पवन से भेंट कर तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छा जताई थी। जिला कलक्टर स्वयं भी विभू के आत्म विश्वास और दृढ इच्छा शक्ति से प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाए और कहा कि निरन्तर प्रयास जारी रखे तो वह अवश्य ही उंचा मुकाम हासिल करेगी।
यद्यपि तैराकी प्रतियोगिता सिर्फ वरिष्ठ वर्ग के लिए होने के कारण विभू को प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं किया गया फिर भी उसे प्रतियोगिता के दौरान तैराकों के साथ तैरने की अनुमति दी गई थी। भक्ति शर्मा को अपना आदर्श मानने वाली विभू विगत कुछ वर्षो से निरंतर तैराकी सीख रही है तथा वह इस तैराकी के माध्यम से उंचा मुकाम बनाना चाहती है।
प्रतियेगिता के दौरान विभू के चेहरे एवं हाव भाव से आत्मविश्वास झलक रहा था। इस दौरान गेपसागर की पाल पर खडे दर्शकों ने लगातार इस नन्ही बालिका का हौंसला बढाया और इसके साहस की प्रशंसा की। अतिरिक्त जिला कलक्टर टी आर जोशी और उपखण्ड अधिकारी रामचंद्र खराडी सहित सभी ने मुक्त कण्ठ से सराहना की। इस अवसर नन्ही तैराक के परिजन आदि उपस्थित थे।
वागड महोत्सव के दौरान पारंपरिक खेलों को बढावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जाने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के तहत गुरूवार प्रातः गेपसागर में नौकायन एवं तैराकी प्रतियोगिता आयोजित हुई। तैराकी प्रतियोगिता में जयसमन्द क्षेत्र के रेटगुरिया के शिवराम ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गुरूवार प्रातः शहर स्थित गेप सागर झील पर युवाओं की तैराकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से आए ११ तैराकों ने भाग लिया। जिला खेल अधिकारी प्रेमचंद शर्मा के निर्देशन में आयोजित तैराकी प्रतियोगिता की शुरूआत अतिरिक्त जिला कलक्टर टी आर जोशी ने क्लेपिंग द्वारा की। क्लेपिंग का संकेत मिलते ही तैराकों ने बडी फूर्ती के साथ झील में छलांग लगा कर तैरना प्रारंभ कर दिया। निर्धारित ५० मीटर की तैराकी प्रतियोगिता में रेटगुरिया जयसमन्द के शिवराम देवीलाल अव्वल रहे जबकि द्वितीय स्थान सुरपुर के जितेश कटारा और तृतिय स्थान भोईवाडा डूंगरपुर के जितेन्द्र भोई ने प्राप्त किया।
इसी प्रकार नौकायन प्रतियेागिता में १० से अधिक नौकाओं ने भाग लिया। गेपसागर के बादल महल छोर से नौकाओं की प्रतियोगिता प्रारंभ हुई जिसमें १० से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें शिवराम देवीलाल ने प्रथम स्थान जयसमंद के ही कालू पुत्र भेरा ने द्वितीय स्थान एवं नाथू पुत्र केसा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान गेपसागर की सीढयों पर बडी संख्या में दर्शक उपस्थित थे। इस दौरान दर्शकों ने भी अपने - अपने प्रतियोगियों के समर्थन में जोरदार हूटिंग की और
विजेताओं का अतिरिक्त जिला कलक्टर सहित अन्य अतिथियों ने उत्साह वर्धन कर उनकी प्रशंसा की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर टी आर जोशी, उपखण्ड अधिकारी , तहसीलदार जसराम मीणा, निजी सहायक हेमेन्द्र चौबीसा आदि उपस्थित थे।