जयपुर, २२ नवम्बर । प्रशासनिक सुधार विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री आर.पी. जैन ने जन समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता देने के साथ विभागीय स्तर पर प्रशासनिक सुधार और जन सुविधाएं सुलभ करवाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री जैन बुधवार को जोधपुर में संभागीय आयुक्त कक्ष में आयोजित बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों से विचार विमर्श कर रहे थे।
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि जन अभाव अभियोगों का निस्तारण करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए विशेष ध्यान देकर व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को अपने न्यायालयों में राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण के साथ ही जन सुनवाई का भी समयबद्व कार्यक्रम बनाकर अभाव अभियोग का निस्तारण करने की जरूरत है। उन्होंने विभागीय स्तर पर इस तरह की व्यवस्था कायम कर शिकायत दर्ज करवाने वालों को राहत पहुंचाए। श्री जैन ने रिक्त पदों, प्रशासनिक तंत्र, जन समस्याओं के निस्तारण की व्यवस्था, निरीक्षण व पर्यवेक्षण, मोनिटरिंग आदि कार्यो के बारे में विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा भी जिला स्तर पर गठित १२० कमेटियों को कम करके १५ तक सीमित किया जा रहा है। इससे संबंधित बैठके भी निरन्तर होगी और मोनिटरिंग भी होती रहेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे आकस्मिक निरीक्षण, गांवों में रात्रि विश्राम तथा निरन्तर यात्रएं करें। विभाग ने इस संबंध में बीस विभाग चयनित करके अधिकारियों के कार्य को सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष व कार्यालयाध्यक्ष अपने संबंधित विभाग में आकस्मिक रूप से कर्मचारियों व अधिकारियों की उपस्थिति की जांच की व्यवस्था कायम करे। जन सुविधाओं से जुडे विभागों में आने वाले लोगों के काम में अनावश्यक कोई विलम्ब नहीं हो और उनको राहत मिले। उन्होंने सतर्कता समितियों की बैठकें निरन्तर किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
संभागीय आयुक्त श्रीमती किरण सोनी गुप्ता ने जन अभाव अभियोगों के निस्तारण की व्यवस्था के बारे में बताया और कहा कि संभाग के सभी जिला कलेक्टरों व उपखण्ड अधिकारियों को इस संबंध में विशेष निर्देश दिए गए है तथा आमजन की शिकायतों को दूर करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि उपखण्ड स्तर से जन समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक रिपोर्ट मंगवाई गई है।
जिला कलेक्टर श्री नरेशपाल गंगवार ने बैठक में बताया कि जिले में प्राप्त हर समस्या या शिकायत का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त शिकायतों में से ४ हजार ११७ पर कार्यवाही की गई तथा शेष ३७९ शेष है जिनके बारे में कार्य करके सूचित किया जा रहा है। उन्होंने जन समस्याओं के निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में जोधपुर के संभागीय आयुक्त श्रीमती किरण सोनी गुप्ता, जिला कलेक्टर श्री नरेशपाल गंगवार, नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर विकास न्यास के सचिव श्री कृष्ण कुणाल, आई.ए.एस. प्रशिक्षणार्थी श्री गौरव गोयल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री जे.के. बंसल, अपर जिला कलेक्टर प्रथम श्री जी आर बगडया, जन स्वास्थ्य अभियंात्रिकी विभाग व डिस्कॅाम के मुख्य अभियंता श्री के.एम. माथुर व एस.के. कुलश्रेष्ठ, मुख्य वन संरक्षक श्री आर.के.रैगर, सार्वजनिक निर्माण व जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर विचार विमर्श किया।