एकल खिडकी योजनान्तर्गत जिला स्तरीय सर्वाधिकार समिति की बैठक संपन्न
23 Jul
2007
गुजरात पेटर्न पर उद्यमियों को जिले में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करें ः कलेक्टर
डूंगरपुर २३ जुलाई/ जिला कलेक्टर नीरज के.पवन ने कहा है कि जिले के औद्योगिक विकास के लिए गुजरात पेटर्न पर उद्यमियों को औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने के प्रोत्साहित करना आवश्यक है। कलेक्टर पवन सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में एकल खिडकी योजनान्तर्गत जिला स्तरीय सर्वाधिकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में औद्योगिक विकास की रफ्तार को बढाने के लिए गुजरात पेटर्न पर जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाओं वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण किया जाए और राजस्थान और आसपास के प्रदेशों क उद्यमियों को आमंत्रित कर औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने के लिए सुविधाएं मुहैया करवाई जाए। उन्होंने पंचायत समिति स्तर पर औद्योगिक संवर्धन शिविरों के आयोजन के साथ ही जिले स्तर पर उद्यमियों की कार्यशाला आयोजन के निर्देश देते हुए कहा कि जिले के हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने की महती आवश्यकता है अतः उसे सहयोग प्रदान किया जाए। कलेक्टर ने जिले के पर्यटन की दृष्टि से विकास की संभावनाओं को भी उजागर करते हुए इसके लिए अपेक्षित प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में सर्विस सेक्टर अग्रणी रूप से उभर रहा है अतः इस क्षेत्र से संबंधित इकाईयों को चिन्हित कर उनका प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने १० टन से ज्यादा के माल निर्गमन पर रीको द्वारा टोल नाका स्थापित करने, डूंगरपुर के औद्योगिक क्षेत्र का सीमांकन करवाने, क्रेशर प्लाण्टधारियों को सडक मार्ग बनवान, पौधरोपण करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक विपुल जानी ने बैठक के ऐजेन्डे को प्रस्तुत किया और विभिन्न बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। बैठक में रीको के सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक रूपशंकर यादव, उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता बीएल जैन, जिला उद्योग अधिकारी (खादी)पृथ्वीराज जैन, सागवाडा नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सूरजप्रकाश शर्मा, जिला उद्योग संघ के गुलाब शर्मा, सहायक खनि अभियंता समेत समिति सदस्य मौजूद थे।
|