सूरतगढ, (विकास यादव) समाजसेवी सुशील अग्रवाल ने इस बार नगरपालिका चुनाव में स्वच्छ छवि के शिक्षित व्यक्तियों को मौका देने की वकालत करते हुए शहर के बुद्धिजीवी लोगों को साथ लेकर जन जागरण मुहिम छेडने की घोषणा की है। इस संबंध में गुरूवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्षद सुशील अग्रवाल ने कहा कि नगरपालिका मण्डल बडी ताकत है, जिससे पुरा शहर जुडा होता है। उन्होंने कहा कि अगर अच्छे लोग जीतेगे तो शहर की कायापलट होगी और आम लोगों की समस्याएं शीघ्रता से हल हो सकेगी। इसी बात को मद्देनजर रखते हुए इस बार शहर हित की बात करने वाले सकारात्मक सोच के लोगों को नगरपालिका बोर्ड में भेजने के लिए जागरूक लोगों को साथ लेकर अभियान चलाया जायेगा। श्री अग्रवाल का कहना था कि इस बार ऐसे व्यक्ति हरगिज नहीं जीते, जिनका या उनके सगे संबंधियों का नगरपालिका से व्यवसायिक संबंध हो। साथ ही वार्ड व शहर हित में समय दे सके और सकारात्मक सोच का शिक्षित व्यक्ति हो। पार्षद अग्रवाल का कहना था कि इस मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए मीडिया के लोगों से चर्चा के बाद शहर के गणमान्य नागरिकों को साथ जोडकर लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इसके अलावा राजनैतिक दलों से भी स्वच्छ छवि के लोगों को टिकट देने की मांग की जायेगी। उन्होंने वर्तमान बोर्ड के कार्यकाल पर चर्चा करते हुए कहा कि बिना योजना के करवाये गये कार्य इसी बोर्ड के साथ समाप्त हो रहे हैं। गणेश मंदिर ढाबे व सैनी गार्डन के सामने बनाये गये पार्कों पर लाखों रुपये बर्बाद कर दिये गये हैं लेकिन उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। पत्रकारों के पूछने पर अग्रवाल ने बताया कि उनके पालिकाध्यक्ष नहीं बनने के लिए पूर्व सांसद निहालचंद जिम्मेवार है। निहालचंद के कारण ही भाजपा नगरपालिका में अपना बोर्ड नहीं बना पाई है।