भीलवाडा, मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने आज माण्डल यात्रा के दौरान भीलवाडा के युवा खिलाडी विश्व विजेता अभिजीत गुप्ता को बधाई देते हुए उसके कन्धे पर हाथ रखकर कहा कि ‘‘आई एम वेरी प्राउड आफ यू अभिजीत‘‘। तुमने भीलवाडा ही नहीं राजस्थान और हिन्दुस्तान का भी विश्व में नाम रोशन किया है।
अभिजीत गुप्ता हिन्दुस्तान का तीसरा ऐसा खिलाडी है जिसने जूनियर वर्ग में हाल ही में टर्की में आयोजित विश्व चेम्पियनशिप का खिताब हांसिल किया।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत को प्राप्त विश्व चेम्पियनशिप ट््राफी एवं मेडल का भी अवलोकन किया तथा अभिजीत के गले में मेडल पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने अभिजीत गुप्ता के पिता अजय कुमार, माता श्रीमती अंजना एवं बहिन अभिलाषा को भी अभिजीत की इस उपलब्धि पर बधाई दी।
बाद में माण्डल के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने श्री अभिजीत गुप्ता को पांच लाख रुपए का चैक प्रदान किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री कालूलाल गुर्जर तथा सांसद वी. पी. सिंह एवं जिला प्रमुख इंजि० कन्हैया लाल धाकड एवं नगर विकास न्यास अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड भी उपस्थित थे।