बीकानेर। गणेश चतुर्थी के मौके पर आज समूचे शहर के विभिन्न गणेश मंदिरों ने श्रद्धालुओं ने गजानंद को मोदक खिलाए। आज प्रातःकाल से ही लोग गणेश मंदिर पहुंचने लगे तथा जन्मदिन के मुहूर्त के दौरान लोगों ने अपने निवास के आगे लगी गणेश प्रतिमा का पूजन किया। जिनमें बीकानेर के व्यस्ततम मार्ग कोटगेट पर लगी गणेश प्रतिमा का भी पूजन किया गया। आज शहर के विभिन्न मंदिरों आदि गणेश मंदिर, बडा गणेश जी मंदिर, मोहता आयुर्वेद रसायन शाला में स्थित गणेश मंदिर आदि अनेक मंदिरों को भव्य रोशनियों से सुसज्जित किया गया। आदि गणेश मंदिर में पंचकुंडीय महायज्ञ के दौरान अनेक पंडितों ने पूर्णाहूति दी व मंत्रोच्चार के साथ प्रातःकाल दुग्धाभिषेक किया तथा 501 किलो का भोग लगाया गया। आज सभी मंदिरों में अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल पहल रही। सभी श्रद्धालुओं ने गजानंद का मोदक से मुंह मीठा करवाया। आज सभी गणेश मंदिरों में भव्य संगीत संध्या का आयोजन भी होगा जिसमें बीकानेर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। विभिन्न मंदिरों में मेला सा नजर आया जहां नन्हें बच्चों व महिलाओं ने भी भरपूर आनंद उठाया। मंदिरों के आगे लोगों ने अस्थाई दुकानें जिनमें खिलौने व चाट पकौडी की दुकानों में अधिक भीड देखने को मिली। कई श्रद्धालुओं ने उपवास भी रखा।