डूंगरपुर २३ अक्टूबर/जनजाति अंचल की प्रतिभाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने हेतु उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्ह संबल प्रदान करने की दृष्टि से जिला कलक्टर नीरज के. पवन की पहल पर जिले में चलाये जा रहे कार्यक्रम आर ए एस बनिए प्रशासन के संग के तहत स्थानीय जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में स्थापित विशेष लाइब्रेरी में परीक्षार्थियों के आने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। परीक्षार्थी यहां उपलब्ध संदर्भ सामग्री तथा अन्य साहित्य का अध्ययन कर परीक्षा की तैयारियों में व्यस्त है।
आर ए एस बनिए प्रशासन के संग कार्यक्रम के तहत विगत १३ सितंबर को शहर के नवा महादेव मंदिर मार्ग पर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में स्थापित अस्थायी पुस्तकालय में आर ए एस परीक्षा से संबधित विभिन्न प्रकार की संदर्भ व सहायक सामग्री संकलित कर रखी गई है। पुस्तकालय में डूंगरपुर शहर के अतिरिक्त जिले के दूर - दराज के ग्रामीण अभ्यर्थी भी बडी संख्या में पहुंच रहे हैं तथा उपलब्ध सामग्री से लाभान्वित हो रहे हैं। वर्तमान में पुस्तकालय में ७५ से अधिक पाठक पंजीकृत ह जो नियमित रूप से पुस्तकालय में अध्ययन करते हैं। पुस्तकालय में पंजीकरण पूर्णतया निःशुल्क है।
पुस्तकालय में कला वर्ग के विभिन्न ऐच्छिक विषयों यथा इतिहास, भूगोल, लोक प्रशासन, समाज शास्त्र, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान के साथ ही सामान्य हिन्दी, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान एवं सामान्य अध्ययन से संबधित लगभग २४० से अधिक पुस्तकें संग्रहित की गई हैं। इसके अलावा यहां पर परीक्षा की दृष्टि से उपयोगी विभिन्न गाईड बुक, आरएएस के मॉडल प्रश्न पत्र, गत वर्षं के सॉल्वड प्रश्न पत्र, सिलेबस एवं प्रेरणा साहित्य रखा गया है। पुस्तकालय में सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय द्वारा प्रकाशित सुजस संचय,सुजस सांस्कृतिकी, सुजस द्विमासिक के विभिन्न उपयोगी संस्करण तथा समसामयिक विषयों पर प्रकाशित विभिन्न पत्र-पत्रिकाएं व अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
पुस्तकालय में आरएएस परीक्षार्थियों की सुविधा की दृष्टि से ११ से ६ बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। पुस्तकालय में केवल आरएएस अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जाता है। पुस्तकालय में अभ्यर्थी पुर्णतः अनुकुल वातावरण में अध्ययन करते हैं, वहीं पर्याप्त संख्या म बैठक व्यवस्था भी की गई है।
विगत कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे पुस्तकालय के एक नियमित पाठक जयेश कुमार जैन ने यहां उपलब्ध पुस्तकों को परीक्षा के लिए अत्यंत ही उपयागी बताते हुए कहा कि विषय से संबंधित कई पुस्तकें सारगर्भित भाषा में हैं। इसके अतिरिक्त समसामयिक विषयों व सामान्य ज्ञान से संबधित पुस्तक पूर्णतया अद्यतन व नवीनतम हैं।
पाठकों में बडी संख्या में विद्यार्थियों के साथ विभिन्न प्रकार के व्यवसायों से जुडे युवा भी हैं जो सुविधाजनक समय के कारण पुस्तकालय का लाभ उठा रहे हैं।