बून्दी उत्सव का आगाज २७ नवम्बर से
23 Nov
2007
बून्दी जिले में आयोजित होने वाले १२वें बून्दी उत्सव-०७ का श्रीगणेश मंगलवार २७ नवम्बर को गणपति पूजन एवं ध्वजारोहण से होगा।
जयपुर, २३ नवम्बर। बून्दी जिले में आयोजित होने वाले १२वें बून्दी उत्सव-०७ का श्रीगणेश मंगलवार २७ नवम्बर को गणपति पूजन एवं ध्वजारोहण से होगा। बून्दी उत्सव के आयोजन को लेकर न केवल बून्दीवासियों में अपितु जिले के चारों प्रमुख कस्बों हिण्डोली, नैनवां, इन्द्रगढ, लाखेरी तथा केशोरायपाटन के निवासियों में भी अच्छा खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
जिला कलेक्टर श्री श्याम सुन्दर बिस्सा ने बताया कि बून्दी उत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में पर्यटकों को अंचल की सांस्कतिक धरोहर एवं राजस्थान सहित विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रमानुसार उत्सव के प्रथम दिन मंगलवार को बून्दी में प्रातः ९ बजे गढ गणेश की पूजा अर्चना एवं झंडारोहण क कार्यक्रम होंगे। पौने दस बजे गढ पैलेस के होटल रायल रिट्रीट में अतिथियों का सत्कार होगा। प्रातः १० बजे गढ पैलेस परिसर से ही सजे-धजे हाथी, घोडे, ऊंट एवं रंग-बिरंगे परिधानों में पुरूष एवं महिलाओं के साथ भव्य शोभायात्र आरंभ होंगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस परेड ग्राउंड पर जाकर सम्पन्न होगी। पुलिस परेड ग्राउंड पर प्रातः ११ बजे आर्मी के म्युजिकल बैण्ड के पाईपर्स का प्रदर्शन होगा। दोपहर १२ बजे से ऊंट एवं घोडा दौड होगी। दिन में एक बजे रानीजी की बावडी परिसर में पर्यटकों की मान मनुहार की जायेगी तथा दो बजे पर्यटकों को बून्दी दर्शन के लिए ले जाया जायेगा। सांय साढे तीन बजे डिस्ट्रिक्ट क्लब बून्दी में चित्रकला एवं फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा।
उत्सव के दौरान बून्दी में सीनियर सैकेण्डरी स्कूल परिसर में २७ को शिल्पग्राम का उद्घाटन होगा। शिल्पग्राम में मैजिक शो, मेहन्दी, मांडना, रंगोली, नट के करतब, नेल पेन्टिंग एवं टेटू प्रदर्शन, साफा एवं मूंछ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। सायं ६ बजे नवलसागर पर दीपदान का कार्यक्रम होगा। इसी दिन सायं ६ बजे चौरासी खम्बों की छतरी पर अभिनंदन समारोह तथा साढे सात बजे से भव्य सस्कृतिक कार्यक्रम ’महारस‘ आयोजित होगा, जिसमें विख्यात पद्मभूषण से सम्मानित कत्थक नृत्यांगना उमा शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इस कार्यक्रम के समापन के बाद मनोहारी आतिशबाजी होगी, जो उत्सव के प्रथम दिन के कार्यक्रमों की रोचकता में चार चांद लगा देगी।
बून्दी उत्सव के दूसरे दिन २८ नवम्बर को बून्दी के जैतसागर तालाब में सायं ६ बजे दीपदान एवं आतिशबाजी का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। सायं साढे छः बजे शिल्पग्राम में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, ७ बजे कत्थक कला केन्द्र जयपुर द्वारा कत्थक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा तथा रात्रि ८ बजे आजाद पार्क में भारतीय जादू अकादमी जोधपुर (जादूगर गोपाल शो) द्वारा जादुई करिश्मे दिखाये जायेंगे। उत्सव के तीसरे दिन २९ नवम्बर को सांय ६ बजे बाणगंगा में दीपदान तथा गढ चौक में राणा कुंभा एवं हाडी रानी नाटिका का मंचन होगा। रात्रि ८ बजे शिल्पग्राम में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। तत्पश्चात रात्रि साढे दस बजे गढ पैलेस में आतिशबाजी का भव्य कार्यक्रम होगा।
|