उदयपुर - जन सुनवाई में अनेक समस्याएं मौके पर हल
23 Nov
2007
शिक्षा राज्यमंत्री प्रो.वासुदेव देवनानी का गुरुवार को उदयपुर जिले की झाडोल पंचायत समिति में आयोजित उपखण्ड स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण समिति की बैठक एवं जन सुनवाई में कई समस्याएं मौके पर ही हल हो गयी ।
जयपुर, २३ नवम्बर। शिक्षा राज्यमंत्री प्रो.वासुदेव देवनानी का गुरुवार को उदयपुर जिले की झाडोल पंचायत समिति में आयोजित उपखण्ड स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण समिति की बैठक एवं जन सुनवाई में कई समस्याएं मौके पर ही हल हो गयी ।
बैठक में प्रो.देवनानी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मार्च तक आवंटित लक्ष्यों एवं अब तक हुई प्रगति का विभागवार ब्यौरा कार्यालय के सामने बोर्ड पर अंकित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं को जनप्रतिनिधियों एवं आमजन तक पहुंचाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी कहा कि वे शिकायतों को लिखित में दें ताकि तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
उन्होंने पुलिस, बिजली, वन, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित राजस्व एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे आदिवासी अंचलों में ग्रामीणों को लोक राहत दें।
जन प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि वे झाडोल से उदयपुर सडक को चौडा करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उन्हें दें। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र में स्वीकृत सभी हैण्डपंप वेधन का कार्य २८ फरवरी तक पूर्ण कर लेवे। उन्होंने मानसी वाकल का पानी २२ गांवों को उपलब्ध कराने की समस्या पर कहा कि इसमें वे तत्काल कार्यवाही करें।
प्रो. देवनानी ने कहा कि झाडोल क्षेत्र में वनोषधियों की खेती के पश्चात आंवला सहित विभिन्न उत्पादों के विपणन के लिए इस क्षेत्र में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जानी चाहिए ताकि काश्तकारों को उनकी मेहनत का वाजिब दाम मिल सके।
इस अवसर पर उन्होंने बिजली, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व, वन, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, विभाग के अधिकारियों से एक-एक कर जानकारी प्राप्त की। बैठक में क्षेत्रीय विधायक श्री बाबूलाल खराडी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उपखण्ड अधिकारी श्री एन.के.कोठारी सहित बडी संख्या में जन प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
|