डूंगरपुर, प्रारंभिक शिक्षा विभागीय निर्देशानुसार जिला स्तरीय आठवीं बोर्ड परीक्षाएं आगामी ३ से १३ मार्च २००८ तक आयोजित की जाएंगी।
जिला स्तरीय परीक्षा संचालन समिति की अध्यक्ष व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की प्रधानाचार्य आभा मेहता ने बताया कि परीक्षा का समय प्रातः ११.३० से २ बजे तक रहेगा। इस संबंध में समय विभाग चक्र परीक्षा केन्द्रों पर भिजवाया गया है। संस्थान द्वारा परीक्षा संबंधी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं व नये पेटर्न पर आधारित मॉडल पेपर्स भी परीक्षा केन्द्रों के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय को उपलब्ध करवाये गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष परीक्षा में १३८ परीक्षा केन्द्रों पर १९ हजार ७४२ परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों को रोल नम्बर आवंटित कर दिए गए हैं। इस संबंध में समस्त केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित संग्रहण केन्द्र से चैक लिस्ट प्राप्त कर २७ जनवरी से अधीनस्थ विद्यालयों को वितरित करें। समस्त संस्था प्रधान इसी चैक लिस्ट में सत्राांकों की पूर्ति कर निर्धारित दिनांक तक परीक्षा केन्द्र पर जमा करायेंगे।