रामकिशोर पारचा
दो टूक: दुनिया भर के कॉर्पोरेट जगत में होने वाले आर्थिक घोटालों और भ्रष्टाचारों की कहानी पुरानी है पर एक ऐसी ही मुकदमे बाजी को ओशन श्रृंखला के लेखक और अब निर्देशक बने टोनी गिलोनी अपनी पहली निर्देशित फिल्म मायकेल क्लेटन में जिस एक्शन और रोमांच के साथ सामने लाते हैं वह इन मुकदमों के पीछे छिपे मानवीय सरोकारों और संवेदनों को भी दिखाने वाला भी है। कह सकते हैं इस बार ऑस्कर के लिए नामांकित होने वाली फिल्मों में मायकेल क्लेटन और इसमें मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता जार्ज क्लूनी ने एक साधरण सी कहानी में जो कुछ पेश किया है वह सिहराने वाला है। इस बार यह पहली फिल्म है जो ऑस्कर में एक साथ करीब दर्जन भर नामांकनों के लिए शामिल है।
कहानी: फिल्म की कहानी एक लॉयर फर्म के लिए काम करने वाले पूर्व बिचौलिए और अपराधी मामलों के वकील मायकेल क्लेटन (जार्ज क्लूनी) की है। मायकेल अब अपने काम से अलग जुआघरों में अपना समय बिताते हुए अपने वैवाहिक रिश्तों की टूटन को सभांलते हुए कर्जों में डूबे हुए नए रिश्तों की तलाश कर रहा है। अचानक उसे उसकी पुरानी कंपनी के एक ऐसी कंपनी में हुए हादसे और मामले की बिचौलगिरी करने का काम सौंप दिया जाता है जो उसके दोस्त रहे ऑर्थर टॉम विल्किसन का मामला है। मायकेल नहीं चाहता कि इस मामले को हाथ में ले लेकिन ऑर्थर की खातिर जब वह इस मामले में हाथ डाल देता है तो पाता है कि यह केवल घोटालों और भ्रष्टाचार का ही मामला नहीं है बल्कि हत्या और षड़यंत्रों में उलझा एक ऐसा मामला भी है जिसमें से न केवल उसे खुद को बचाना है बल्कि अपने दोस्त ऑर्थर को भी नया मुकाम देना है। लेकिन यह इतना आसान नहीं हैं क्योंकि इसमें कंपनी में काम करने वाली कांउसलरटिल्डा स्वीटन की रहस्यमय भूमिका है। कॉर्पोरेट जगत के कानूनी और अपराधी मामलों में बिचौलिओं और वकीलों की भूमिका और उनके अस्तित्वों के मायनों के बीच मानवीय संबंधों के नए आधारों को बताने वाली फिल्म है मायकेल क्लेटन।
अभिनय निर्देशन: गौर से देखा जाए तो यह फिल्म एक साधारण कहानी वाली फिल्म है पर इसकी पटकथा पर जो मेहनत की गयी है वह काबिले तारीफ़ है। इसकी वजह है कि इसके निर्देशक ओशन इलेवन और ओशल थर्टीन जैसी थ्रिलर फिल्मों की श्रृंखला के लेखक रहे हैं और वे जानते हैं कि अपने पात्रों को कैसे विकसित किया जा सकता है। हालांकि एक कानूनी मामलों में उलझी इस फिल्म की शुरूआत में होने वाली कार दुर्घटना और बम विस्फोट हमें बता देते है कि हम किस लिहाज की फिल्म देखने जा रहे हैं। लेकिन इसकी थोड़ी देर बाद ही जब निर्देशक जार्ज क्लूनी को हमारे सामने एक हत्या की छानबीन करते हुए लाते हैं और फलैशबैक दिखाते हैं तो हमे उस क्लाईमेक्स का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है जो आमतौर पर टोनी की पहली फिल्मों से जुडा रहा है। जार्ज क्लूनी की सीरियाना के बाद यह एक और गंभीर भूमिका वाली महत्वपूर्ण फिल्म है लेकिन ऑर्थर की भूमिका में टॉम विल्किसन और रहस्यमय काउंसलर के रूप में टिल्डा को हम जिस रुप में परदे पर देखते हैं वह निश्चित ही मायकेल क्लेटन को ऑस्कर के लिए सबसे उम्दा फिल्म बनाता है।
पात्र परिचय: जार्ज क्लूनी टॉम विल्कसिन टिल्डा स्वीटन
निर्देशन: टोनी गिलोरी
(साभार - हिन्दीमिडिया.इन)