यथार्थ गीता को जन-जन तक पहुचाने के लिए रविवार को होगी व्याख्यानमाला
24 Aug
2007
श्री परमहंस विश्व गुरू अडगडानन्द आश्रम द्वारा संचालित यथार्थ गीता व्याख्यानमाला आयोजन समिति श्रीबालाजी, नागौर की और से धर्मनगरी की पावन धरा पर रविवार से व्याख्यानमाला प्रारम्भ की जा रही है।
बीकानेर, २४ अगस्त। श्री परमहंस स्वामी अडगडानन्दजी आश्रम शक्तेशगढ, उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में गीता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रविवार शाम साढे पांच बजे पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में गीता व्याख्यानमाला का आयोजन होगा।
स्वामीजी की ओर से १०८ व्याख्यान मालाओं के संकल्प की इस प्रथम कडी में स्वामीजी की ओर से रचित पुस्तक ’’यथार्थ गीता‘‘ पर व्याख्यान होगा। मुख्य वक्ता श्री गुरूचरणानन्दजी महाराज होंगे। मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति, मकसूद अहमद व नगर विकास न्यास के अध्यक्ष श्रीगोपाल अग्रवाल होंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में व्याख्यानमाला के संयोजक सत्यनारायण आचार्य ने दी। आचार्य ने बताया कि स्वामीजी ने श्रीमद्भागवदगीता पर अपने ढंग से प्रभावी टीका है। टीका की पुस्तक हिन्दी, गुजराती, अंग्रेजी, मराठी, बांग्ला, उर्दू सहित १८ भाषाओं में प्रकाशित होकर विश्व के अनेक देशों में भी पहुँच चुकी है। इसकी ऑडियो-वीडियो सीडी का संस्करण भी जारी हो चुका हैं।
सम्मेलन में श्रीबालाजी (नागौर) आश्रम से जुडे नरेन्द्र गहलोत, बालचंद सुथार, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता महासिंह बेनीवाल, जितेन्द्र सुथार व हीरालाल शास्त्री आदि ने विश्व धर्म संसद से गौरव की मानद उपाधि से सम्मानित स्वामी श्री अडगडानन्दजी महाराज के आदर्शो का स्मरण दिलाया। गीता के आदर्श आमजन तक पहुंचे इसके लिए उन्होने हिन्दुस्तान में १०८ व्याख्यान मालाओं का आयोजन किया जाएगा। पहली व्याख्यानमाला बीकानेर में हो रही है। उन्होंने बताया कि व्याख्यान स्थल पर स्वामीजी की ओर से लिखी गई पुस्तक ’’यथार्थ गीता‘‘ को निर्धारित मूल्य से केवल २० प्रतिशत राशि में आम लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वामीजी का स्वयं नवम्बर में बीकानेर आने का सम्भवतः कार्यक्रम होगा ।
|