जयपुर, निर्वाचन विभाग ने सूचनाओं के त्वरित एवं प्रभावी संप्रेषण के लिए प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों को इन्टरनेट तथा ई-मेल व्यवस्था से जोड दिया है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद जुत्शी ने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को ई-मेल नम्बर से आम जन भी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सीधे ही ई-मेल भेजकर वांछित जानकारी एवं अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से अब अधिकारी आपस में सूचनाओं का संप्रेषण कर सकेंगे एवं अब निर्वाचन विभाग एव जिला निर्वाचन अधिकारी भी सीधे ही ई-मेल भेजकर आवश्यक निर्देश शीघ्रता से उन तक पहचा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को ई-मेल करने के लिए ero-ac<3digit acno>@nic.in पर सम्फ किया जा सकता है। उदाहरणार्थ हवामहल विधानसभा क्षेत्र की संख्या 49 है तो हवामहल का ई-मेल नम्बर ero-049@nic.in होगा। इसी प्रकार हनुमानगढ जिले की भादरा विधानसभा क्षेत्र का नम्बर 01 है तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी का ई-मेल होगाः ero-ac001@nic.in होगा।
उन्होंने बताया कि अब सूचनाओं एवं जानकारी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जाने के स्थान पर ई-मेल कर आमजन द्वारा समाधान किया जा सकता है।
श्री जुत्शी ने बताया कि निर्वाचन विभाग में सूचना प्रोद्योगिकी का उपयोग करते हुये सभी साढे तीन करोड मतदाताओं के नाम एवं उनकी प्रविष्ठियाँ विभाग की वेबसाईट पर उपलब्ध करवा दी गई है तथा मतदाता हैल्पलाईन द्वारा भी सूचनायें उपलब्ध करवायी जा रही हैं।