आबू रोड। अन्तर्राष्ट्रीय आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की की पूर्व मुख्य प्रशासिका अन्तर्राष्ट्रीय शान्तिदूत से विभूषित राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 25 अगस्त को द्वितीय पुण्य तिथि वैश्विक भाईचारे दिवस के रूप में मनायी जायेगी। देशभर से आये दस हजार लोग अपनी श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सायंकालीन आयोजित कार्यक्रम में हिन्दू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि, सांसद प्रसन्ना पातसानी दिल्ली, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांशीराम राणा, हेटरो ड्रग हैदराबाद के चेयरमैन डा॰ पार्थसारथी रेडडी सहित कई विधायक एवं सांसदों के साथ गणमान्य व्यक्ति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उपरोक्त कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए संस्था के मीडिया प्रवक्ता ब्र॰ कु॰ करूणा ने बताया कि दादीजी ने अपने नेतृत्व काल में सभी धर्मों, सम्प्रदाय के लोगों को एकता के सूत्र में पिरोते हुए भाईचारें का पुष्प पूरी दुनिया में खिलाया। इसलिए दादीजी के इस पावन पुण्य अवसर पर संस्था पूरे विश्व में विश्व भाईचारे दिवस के रूप में मनायेगी। इस अर्थ पूरे विश्व के 130 देशों में नौ हजार कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। देशभर से हजारों लोगों के आने का सिलसिला प्रारम्भ है। इसके मददेनजर श्रद्धांजलि सभा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। दादीजी की यादगार में बने प्रकाशस्तम्भ पर प्रातः काल ध्यान प्रार्थना के बाद संस्था की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी जानकी, अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी ह्दयमोहिनी, संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी, संस्था के महासचिव ब्र॰ कु॰ निर्वेर, ब्र॰ कु॰ बृजमोहन, ग्राम विकास प्रभाग की अध्यक्षा ब्र॰ कु॰ मोहिनी, कार्यक्रम संयोजिका ब्र॰ कु॰ मुन्नी, शान्तिवन प्रबन्धक ब्र॰ कु॰ भूपाल, शिक्षा प्रभाग के उपाध्यक्ष ब्र॰ कु॰ मृत्युंजय सहित संस्था के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी श्रद्धांजलि देंगे। सायंकाल पूरे आबू रोड सहित पूरे भारत से आये विशिष्ट अतिथियों के लिए शान्तिवन के डायमण्ड हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसके साथ ही मुख्यालय पाण्डव भवन तथा ज्ञान सरोवर में भी कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।