जयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल नागर ने कहा है कि पत्रकारिता प्रजातंत्र का चौथा स्तम्भ है तथा लघु और मध्यम समाचार पत्र इस स्तम्भ की नींव है। गांव-गांव व ढाणी-ढाणी तक कोई बात पहुंचाने में इनका बहुत बडा योगदान होता है। नागर सोमवार को यहां प्रेस क्लब में राजस्थान स्मॉल एण्ड मीडियम न्यूज पेपर जर्नलिस्ट फोरम द्वारा आयोजित तृतीय मीडिया एक्सिलेंसी अवार्ड-2009 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं कलमकारों के शुभचिंतक व साथी हैं। इनके दुःख सुख दोनों में ही वे सदैव साथ रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों का आव्हान् किया कि वे जहां भी काम करें दृढ निश्चय, आत्म विश्वास और निष्ठा से काम कर प्रदेश का सही चित्रण करें। नागर ने स्मॉल एण्ड मीडियम न्यूज पेपर जर्नलिस्ट फोरम द्वारा आयोजित मीडिया एक्सिलेंसी अवार्ड-2009 की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया और सम्मानित पत्रकारों को बधाई दी। समारोह की अध्यक्षता करते हुए सूचना एवं जनसम्फ राज्यमंत्री अशोक बैरवा ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और इनके हितों की रक्षा के लिए सरकार सतत् प्रयासरत है। पत्रकारों की आवास सम्बन्धी समस्याओं के सम्बन्ध में उनके द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराने पर उन्होंने आश्वस्त किया कि इस वर्ष चयन का कार्य व अगले वर्ष में आवंटन कार्य पूरा करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए पत्रकार आवास समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पत्रकारों को मेडिक्लेम सुविध मुहैया कराने के लिए शीघ्र ही प्रारूप तैयार किया जा रहा है ताकि पत्रकारों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने 65 वर्ष की उम्र के बाद के वरिष्ठ पत्रकारों के अधिस्वीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने और मेडिकल राशि को बढाये जाने का विश्वास दिलाया। बैरवा ने इस आयोजन के लिए फोरम की सराहना की और सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि इससे युवा पत्रकारों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रदेश की लोक कल्याणकारी नीतियों और विकास को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आवे, इस बात के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। नागर, समारोह के अध्यक्ष अशोक बैरवा, विशिष्ठ अतिथी आर.टी.डी.सी. के पूर्व चेयरमेन राजीव अरोडा, पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राठौड, वरिष्ठ पत्रकार सत्य पारीक, सिद्घार्थ ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमेन डॉ. बी.एस. पोसवाल ने गुमानमल जैन, पदमसिंह भाटी, लोकपाल सेठी, भंवर शर्मा, सुश्री सुनीता चतुर्वेदी, धीरज गुप्ता, मधुसूदन आजाद, मनोहर पारीक, संयोग जैन, शरद शर्मा और अरविन्द कुमार शर्मा को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए माल्यार्पण कर श्रीफल, शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। गुमान मल जैन की अनुपस्थिति में पुरूषोत्तम ने यह सम्मान ग्रहण किया। प्रारम्भ में फोरम के अध्यक्ष अशोक भटनागर ने सभी का स्वागत करते हुए फोरम के उद्देश्य और इसकी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सिद्घार्थ ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमेन डॉ. बी.एस. पोसवाल द्वारा फोरम, प्रेस क्लब व विभिन्न पत्रकार संगठनों के परिवार के बालक-बालिकाओं द्वारा इनके किसी भी कॉलेज में प्रवेश लेने पर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित फीस की 20 प्रतिशत राशि की छात्रवृत्ति प्रत्येक छात्र-छात्रा को दिये जाने की घोषणा की जानकारी दी। इस अवसर पर बडी संख्या में पत्रकार मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन विक्रम गढवाल ने किया।