न्यू कॉलोनी में शरदोत्सव पर मचेगी गरबों की धूम
24 Oct
2007
आर्केस्ट्रा की धुन पर थिरकेंगे कदम, महाआरती में झलकेगा श्रद्धा का ज्वार
डूंगरपुर २४ अक्टूबर/शरद पूर्णिमा की स्निग्ध चांदनी में गुरूवार २५ अक्टूबर को शहर के न्यू कॉलोनी अम्बेमाता परिसर में विशेष गरबा नृत्य का आयोजन किया जाएगा।
न्यू कॉलोनी गरबा मण्डल के अध्यक्ष हीरालाल पटेल तथा उपाध्यक्ष ओमप्रकाश चौबीसा ने बताया कि इस रंगारंग सांस्कृतिक निशा में बडी तादाद में श्रद्धालु एकत्र होंगे। आकर्षक रंग बिरंगे परिधानों के साथ युवक-युवतियों द्वारा मनोहारी गरबा नृत्य किया जाएगा। गरबा नृत्य के लिए विशेष रूप से आर्केस्ट्रा को आमंत्रित किया गया है।
इस दौरान कॉलोनी के ही जयहिन्द नगर निवासी हेमेन्द्र चौबीसा/भरतलाल चौबीसा के यजमानत्व में देवी की महाआरती उतारी जाएगी, इसमें बडी संख्या में शहरवासी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर आयोजित समारोह में नवरात्रि दौरान आयोजित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं के सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के अंत में कॉलोनीवासियों की ओर से शरदोत्सव में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं को क्षीर अमृत का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
शरदोत्सव की इस निशा में कई विशिष्ट व अतिविशिष्ट जन भी सम्मिलित होंगे। इस आयोजन के मद्देनजर गरबा मण्डप की विशेष सजावट की जाएगी तथा संपूर्ण परिसर की आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है।
|