जयपुर, २४ अक्टूबर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिगम्बर सिंह ने पीडत मानव सेवा को सबसे बडा परोपकार बताते हुए कहा कि इस कार्य में समृद्धशाली लोगों को आगे आना चाहिये ताकि गरीब एवं असहाय व्यक्तियों की सहायता एवं पुनर्वास के कार्यों को बढावा मिल सके।
डॉ. सिंह मंगलवार को भरतपुर के बझेरा गांव में मॉ माधुरी ब्रज वारिस सेवा सदन द्वारा संचालित अपना घर आश्रम में जन सहयोग से निर्मित आवासीय कक्षों, एचआईवी संक्रमित रोगियों के पुनर्वास केन्द्र का लोकार्पण एवं क्लोज सर्किट सिस्टम के शुभारम्भ के बाद आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने अपना घर आश्रम में असहाय व पीडत लोगों की सेवा को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि इस कार्य में हम सबका सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य में एचआईवी संक्रमित रोगिय के लिए जयपुर एवं जोधपुर में सामुदायिक केयर सेन्टर स्थापित किये गये है जिनमें पुनर्वास के साथ साथ निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सा मंत्री ने अपना घर आश्रम को दान देने वाले व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए घोषणा की कि वे प्रतिवर्ष आश्रम को ११ हजार रुपये दान स्वरूप उपलब्ध करायेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निःशक्तजन आयोग के अध्यक्ष श्री खिल्लीमल जैन ने कहा कि सेवा का कार्य वहीं व्यक्ति कर सकता है जिसमें दया, प्रेम एवं सहयोग का भाव हो और ये सभी गुण अपनाघर आश्रम के संस्थापक डॉ.बी.एम.भारद्वाज दम्पत्ति में है जिन्होंने अपना सब कुछ गरीबों एवं असहायों की सेवा म लगा रखा है। उन्होंने पीडत मानव की सेवा के लिए दिये गये दान को सर्वोत्तम दान बताते हुए कहा कि इस पुनीत कार्य में समृद्धशाली लोगों को अधिक से अधिक सहयोग करना चाहिये। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार ऐसी संस्थाओं को आर्थिक सहयोग दिलाने में मदद करेगी। उन्होंने इस आश्रम की राज्य के अन्य जिलों में शाखाएं खुलवाने में मदद करने का भी विश्वास दिलाया।
विशिष्ट अतिथि आगरा के राजकीय मानसिक चिकित्सालय के निदेशक डॉ.सुधीर कुमार ने जन सहयोग से संचालित असहाय लोगों की सेवा के इस केन्द्र को अनुकरणीय बताया और कहा कि यदि इस केन्द्र की शाखा उत्तर प्रदेश में शुरू की जाती है तो उनके चिकित्सालय में मानसिक रोगियों को निःशुल्क दवाईयां उपलब्ध कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में ब्रज वारिस सेवा सदन के संस्थापक डॉ.बी.एम.भारद्वाज ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था की आगामी २७ अक्टूबर को बाडमेर में शाखा खोली जा रही है।
प्रारम्भ संस्था के सचिव श्री वीरपाल सिंह ने बताया कि आश्रम में ९६ आवासियों को आवास, भोजन एवं चिकित्सा की निःशुल्क व्यवस्था जन सहयोग से उपलब्ध कराई जा रही है।