डूंगरपुर २४ अक्टूबर/राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायती राज संस्थाओं में ३० सितम्बर तक रिक्त रहे स्थानों पर प्रस्तावित उप-चुनावों के लिए निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं कलक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि जिले में ६ वार्ड पंच, एक सरपंच तथा दो पंचायत समिति सदस्यों के रिक्त पदों के लिए चुनाव करवाये जाने है। इसमें ग्राम पंचायत लोलकपुर के वार्ड ५, बेडा के वार्ड ४, भासौर के वार्ड १, लोडावल के वार्ड ८, साबली के वार्ड ९, थाणा के वार्ड ९ , ग्राम पंचायत लोलकपुर के सरपंच व डूंगरपुर पंचायत समिति अन्तर्गत वार्ड १२ गडामौरेया व वार्ड १७ फलोज के पंचायत समिति सदस्य का पद रिक्त है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में २९ अक्टूबर को निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन होगा, इस संबंध में दावे व आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि ७ नवंबर है। दिनांक १४ नवंबर को दावों व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, १७ नवंबर को पूरक सूचिया तैयार की जाएंगी तथा १९ नवंबर को निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
इस संबंध में उपखण्ड अधिकारियों को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी तथा तहसीलदार को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। इसमें आसपुर के लिए जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।