जयपुर, ग्रामीण हाट बाजार व पुष्कर उद्योग क्राफ्ट मेला आगामी 9 से 13 नवंबर तक पुष्कर मेले के साथ ही आयोजित होगा।
अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले के साथ पहली बार आयोजित होने वाले ग्रामीण हाट बाजार जहां राजस्थान के विभिन्न शहरों के साथ स्थानीय उत्पादों तथा कला व संस्कृति के माध्यम से देश के बाहर से आने वाले विदेशी मेहमानों व ग्रामीणों के आकर्षण का केन्द्र किया जायेगा वहीं पुष्कर उद्योग क्राफ्ट मेला देश के विभिन्न राज्यों के उत्पादों का संगम बनेगा।
अजमेर के जिला कलक्टर नवीन महाजन की अध्यक्षता में बुधवार को अजमेर में संपन्न हुई बैठक में विख्यात पुष्कर मेले के साथ ही ग्रामीण हाट बाजार व पुष्कर उद्योग क्राफ्ट मेले को उच्च कोटि का आयोजित करने का निर्णय लिया गया है जिससे संबंधित ग्रामीण दस्तकार, महिला स्वयं सहायता समूह व अन्य कारीगर अपने उत्पादों का राजस्थान व देश में ही नहीं सात समन्दर पार विदेश तक भी पहुंचा सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि अजमेर जिले के महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद पूरे देश के कोने-कोने में पहुंच रहे हैं जो विदेशी पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे।
ग्रामीण हाट बाजार में ग्रामीण क्षेत्र के लोक कलाकार बालू मिट्टी में आयोजित कैंप फायर में राजस्थानी कला व संस्कृति की प्रस्तुति भी देंगे। बैंक ऑफ बडौदा, अजमेर केन्द्रीय सहकारी बैंक, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना इस ग्रामीण हाट बाजार का वित्तीय प्रबंधन करेंगे।