जयपुर। (शरद टाक) नागौर जिले के मेडता सिटी में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरेन्द्र मिर्धा ने कहा कि अगर प्रदेश की भाजपा सरकार नियमों की अवहेलना करती है तो कांग्रेस उसे बर्दाश्त नहीं करेगी। मिर्धा ने मेडता के पूर्व विधायक मांगीलाल डांगा के एग्रों सेल्स में पत्रकारों से रूबरू हुए। राजस्थान विधानसभा में हुए गतिरोध के लिए मिर्धा ने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि। मिर्धा ने बार-बार विधानसभा स्थगित होने के संबंध में चर्चा करते हुए बताया कि जब नियमों के अनुसार निर्धारित प्रतिशत से ज्यादा सरकार मंत्री बनाती है तो ऐसे में अगर नियमों की धज्जियां उडाती है तो कांग्रेस उसको सहन नही कर सकती। मिर्धा ने कहा कि जहां तक लोग की समस्याओं को लेकर समाधान की बात है वहां कांग्रेस हमेशा सक्रिय रहेगी और यही बात कांग्रेस ने विधानसभा में भी उठाई है। मिर्धा ने शीतलहर एवं पाले से खराब हुई फसलों पर चर्चा करते हुए बताया कि एक अनुमान के मुताबिक प्रदेश में दस लाख हेक्टेयर भूमि पर पाला पडा है जिससे 5 लाख किसान प्रभावित हुए है। ऐसे में कुशल वित्तिय प्रबंधन का दावा करने वाली प्रदेश सरकार ने मात्र 126 करोड की सहायता राशि की घोषणा करके किसानों के साथ मजाक किया है। इतनी कम राशि की घोषणा ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। मिर्धा ने कहा कि एक कांग्रेस पार्टी ही ऐसी है जो गांव, किसान व गरीब का भला सोच सकती है। हाल ही में प्रदेश में पडे पाले से किसानों की फसलों के नुकसान को लेकर वरिष्ठ नेता परसराम मदेरणा ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी से मिलकर उनको सारे हालात से अवगत कराते हुए किसानों के लिए उचित सहायता राशि की मांग रखी। गत विधानसभा चुनाव में नागौर जिले में जाट-मुस्लिम सामंजस्य नही बैठने की वजह से हुई हार के बारे में पूछने पर मिर्धा ने नपे -तुले अंदाज में कहा कि यह एक गहराई का मुद्दा है जिस पर सोचने की जरूरत है। जिले में कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर मिर्धा ने गुटबाजी से साफ इंकार करते हुए कहा कि कांग्रेस एक बहुत बडी पार्टी है जिसमे सबकों अपनी-अपनी बात कहने का हक है, पार्टी में विचार अलग-अलग हो सकते है, मगर सभी का उद्देश्य एक ही है पार्टी को मजबूत बनाना एवं चुनाव जीताना है। मिर्धा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के शासन में आज किसान, गरीब सहित हर वर्ग दुखी है। भ्रष्ट भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता तंग आ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की सरकार बनाएगी। क्या अगली बार अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो जाट मुख्यमंत्री बनना चाहिए पर पूछे गए सवाल के जवाब में मिर्धा ने कहा कि किस को मुख्यमंत्री बनाना है यह निर्धारित पार्टी व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी तय करेगी। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री अब्दुल अजीज, पूर्व वक्फ मंत्री हाजी हबीबुर्रहमान, पूर्व विधायक मेडता मांगीलाल डांगा, हनुमान पुनिया, श्रीराम भंचर पूर्व विधायक, गिरधारी मुंदलिया, लच्छाराम, माणक सैन, चिमन वाल्मिकी मौजूद थे।