हनुमानगढ , २५ जून। जिले के सांस्कृतिक वैभव व ऐतिहासिक महत्व के स्थलों पर विश्व पर्यटन दिवस (२७ सितम्बर) के अवसर पर पैम्पलेट व फोल्डर्स का प्रकाशन किया जाएगा। जिला कलेक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा ने इस सम्बन्ध में सोमवार को जिला कलैक्टर सभागार में आयोजित बैठक में पयर्टन विभाग के सहायक निदेशक को आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। जिले में ऐतिहासिक महत्व के दर्शनीय स्थलों के बारे में जिले की सीमा तथा शहरों के प्रवेश मार्गो पर जगह -जगह एक समान डिजाईन के साईन बोर्ड व होर्डिग लगाने के अलावा देवस्थान विभाग से सम्बन्धित मंदिर के विकास तथा जिला स्थापना दिवस पर (१२ जुलाई २००७) को पर्यटन विभाग, खेलकूद विभाग व अन्य विभागों के तालमेल में आयोजित किए जा सकने वाले कार्यक्रमों पर विचार विमर्श किया गया। जिला कलेक्टर ने खेल अधिकारी को जिला स्थापना दिवस पर परम्परागत खेलों के आयोजन की कार्य योजना बनाने के साथ -साथ प्रत्येक माह विभिन्न क्षेत्रों में ऐसी खेलकूद गतिविधियों को संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में बीकानेर से आए सहायक निदेशक पर्यटन श्री हनुमानमल आर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री विश्वनाथ शर्मा व जिला खेल अधिकारी श्री एम.एस.बराड सहित पुरातत्व व देवस्थान विभाग से सम्बंधित अधिकारी मौजूद थे।