हनुमानगढ २५ जुलाई। बुनकरों एवं दस्तकारों की कला को प्रोत्साहन एवं संरक्षण प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने वर्ष २००५ -२००६ से हर वर्ष बुनकर सहकारी समितियों , एकल बुनकरों को केश अवार्ड दिए जाने का प्रावधान किया है। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक श्री पी.एन शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत प्रतिवर्ष राज्य स्तर व जिला स्तर पर श्रेष्ठ उत्पाद के आधार पर नगद पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने उक्त योजना में शामिल होने के लिए जिले के इच्छुक बुनकर को अपने श्रेष्ठ उत्पाद आगामी ६ अगस्त २००७ तक जिला उद्योग केन्द्र हनुमानगढ में जमा करवाने को कहा है। कार्यालय में जमा होने वाले श्रेष्ठ उत्पादों को जिला स्तरीय कमेटी द्वारा चयन किया जाकर जिला स्तरीय पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के अनुसार राज्य स्तरीय पुरस्कार में प्रथम उत्पाद को ११ हजार , द्वितीय ५ हजार व तृतीय स्थान के लिए ४ हजार तथा चतुर्थ व सांत्वना पुरस्कार में २ हजार रूपए प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार जिला स्तरीय पुरकार के तहत जिले में प्रथम उत्पाद को २ हजार १०० रूपए, द्वितीय को १ हजार ५००, तृतीय को १ हजार तथा चतुर्थ स्थान पर प्राप्त करने वाले उत्पाद को ५ सौ रूपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए जिला उद्योग केन्द्र हनुमानगढ , कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस के दौरान सम्फ किया जा सकता है।