डूंगरपुर २५ जुलाई/प्रदेश के जनजाति क्षेत्रीय विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा ने बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आंगनवाडी केन्द्रों पर गरम पोषाहार योजना का यहां शहर के बासडवाडा स्थित आंगनवाडी केन्द्र पर शुभारंभ किया। समारोह की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी ने की जबकि विशिष्ट अतिथि जिला कलेक्टर नीरज के.पवन थे। इस अवसर पर अपने संबोधन में केबिनेट मंत्री कटारा ने कहा कि सरकार पिछडे क्षेत्रों के उत्थान के लिए संकल्पित है और इन क्षेत्रों के रहवासियों व नौनिहालों को हरसंभव सुविधाएं देते हुए विकास की मूल धारा में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरम पोषाहार प्रदान करने से वंचित रहे तीन जिलों बांसवाडा, डूंगरपुर और राजसमन्द जिले में एक साथ आंगनवाडी केन्द्रों पर गर्म पोषाहार प्रदान करने की योजना का शुभारंभ किया जा रहा है इससे इस क्षेत्र के हजारों बच्चें लाभान्वित होंगे। नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी ने राज्स सरकार की इस अभिनव योजना की तारीफ की और कहा कि इससे पिछडे अंचल में रहने वाले बच्चों को राहत प्राप्त होगी और शैक्षिक विकास के नवीन आयाम स्थापित होंगे। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री कनकमल कटारा, जिला कलेक्टर नीरज के.पवन और नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी ने आंगनवाडी केन्द्र पर फीता काट, बच्चों को गर्म पोषाहार प्रदान कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया। आरंभ में अतिथियों के यहां पहुंचने पर आईसीडीएस उपनिदेशक उषा राव, रमा कंसारा, चंद्रकांता सुथार, सीडीपीओ मंजू परमार ने पुष्पहार अर्पित कर स्वागत किया। उपनिदेशक राव ने गर्म पोषाहार के तहत जिले के १२७७ केन्द्रों पर पोषाहार वितरण की योजना और इसके लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। इस दौरान सेवानिवृत्त श्रम आयुक्त रूपलाल डामोर, समाजसेवी नानूराम पंवार, पुष्पा खराडी, राजकुमारी शर्मा, अनिता देवी, संगीता, हूरज देवी, शांता देवी, अनिता भट्ट समेत सीडीपीओ निर्मला कोठारी और बडी तादाद में महिलाएं मौजूद थी। समारोह के अंत में सीडीपीओ मंजू परमार द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।