प्रभारी मंत्री श्री टीटी द्वारा बीस सूत्री कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा
25 Jul
2007
हनुमानगढ , २५ जुलाई। जिले के प्रभारी मंत्री व कृषि राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्रपाल टीटी ने मुख्यमंत्री शिक्षा सम्बल महाअभियान ,शाला स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा मौसमी बीमारियों के बारे में अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य योजना के अनुसार कार्य सम्पादित करने के निर्देश दिए है। श्री टीटी बुधवार को हनुमानगढ जिला कलैक्ट्रेट सभागार में बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । मुख्यमंत्री शिक्षा सम्बल अभियान में जनप्रतिनिधियों को पूरी रूचि के साथ सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने विभाग को समय पर पुस्तकों का वितरण व बच्चों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी कार्यालयों ,आंगनबाडी केन्द्रों, जलदाय विभाग के हैडवक्र्स, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभावी निरीक्षण के लिए उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों को लक्ष्य आवंटित करने को कहा। जिला प्रमुख श्री राजेन्द्र मक्कासर में कहा कि इससे सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। प्रभारी मंत्री ने सभी जगहों पर शिकायत पुस्तिका रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण कर्ता अधिकारी या जनप्रतिनिधि इसमें जो भी टिप्पणी अंकित करें , उसकी पालना रिपोर्ट सप्ताह भर में उच्च अधिकारियों को पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएं। वन विभाग द्वारा हनुमानगढ नगरपालिका को वितरित ४ हजार पौधों में से मात्र १३ प्रतिशत पोधे के जिन्दा रहने की उप वन संरक्षक द्वारा बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट को गम्भीरता से लेते हुए श्री टीटी इन पौधों को कैसे व किसको वितरण किया गया तथा इसकी देखरेख की जिम्मेदारी किसकी थी, इसका सम्पूर्ण ब्यौरा प्रस्तुत कर, दोषियों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने आगे से पौधारोपण में स्वयं सेवी संगठनों की भागीदारी तथा उनकी देखरेख में पोधों के वितरण के निर्देश दिए। भादरा विधायक डॉ. सुरेश चौधरी ने काश्तकारों को ज्यादा से ज्यादा पौधों के वितरण का सुझाव दिया। जिला कलेक्टर श्री मती मुग्धा सिन्हा ने वन विभाग के अधिकारियों को पौधे के वितरण की पूरी मॉनिटरिंग व अन्य समस्त गतिविधियों का प्रभावी नियन्त्रण करते हुए सामाजिक वानिकी के तहत किए जा रहे वृक्षा रोपण का ब्यौरा उपक्षण्ड अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि उसकी जांच की जा सके।
पीलीबंगा के विधायक श्री राम प्रताप कासनियां ने कहा कि विभागीय वृक्षा रोपण के तहत जीवित रहने वाने पौधों को प्रतिशत भी कम है। नोहर विधायक श्री बहादुर सिंह गोदारा ने पेडों के लिए प्रर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की बात रखी। पीलीबंगा विधायक ने अपने क्षेत्र में जलदाय विभाग विभिन्न स्कीमों में कमियों पर भेजे गए ब्यौरे की प्रगति की जानकारी मांगी तो जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियन्ता ने सूचित किया कि कई सकीमें भेज दी गई है, अन्य को शीघ्र भेजा जाएगा। भादरा के विधायक डॉ. चौधरी ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि सिद्धमुख नोहर परियोजना में फीडर, डिस्ट्रीब्यूटरी तथा माईनर में पटडे क्षतिग्रस्त है, इस सम्बन्ध में यूरोपियन आर्थिक कमीशन का पैसा आर डब्ल्यू एसआरपी को देकर कार्य करवाया जा सकता है। उन्हन भादरा-झांसल मार्ग के कार्य की ओर भी ध्यान आकर्षित किया इस पर जिला कलेक्टर ने बताया कि केन्द्र सरकार से स्कीम बनकर आ गई है तथा वह प्रमुख शासन सचिव के पास मंजूरी के लिए चली गई है।
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण जल संवद्धर्न योजना में विस्तार के लिए चिन्हित ढाणियों ,उनमें जारी कार्यो तथा हैण्ड पम्पों के कार्यो की प्रगति को एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण सडक, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण उर्जा , स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शुद्ध पेयजल, सम्पूर्ण ग्रामीण,रोजगार योजना, इंदिरा आवास , व खाद्य सुरक्षा सहित बीस सूत्री कार्यक्रम से सम्बन्धित विविध सूत्रों पर विस्तार पूर्व चर्चा कर उनकी समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन श्री हनुमान सिंह शेखावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नोहर श्री हुक्मचन्द गोदारा बीस सूत्री कार्यक्रम की जिला स्तरीय समिति के के उपाध्यक्ष श्री राम सिंह सिद्धू, बीस सूत्री कार्यक्रम के समिति के सदस्यगणों के अलावा उपखण्ड अधिकारी ,तहसीलदार, नायब तहसीलदार, व विभिन्न विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक की कार्यवाही को संचालन समाज कल्याण अधिकारी श्री अशोक जांगिड ने किया।
|