हनुमानगढ , २५ जुलाई। राजस्व मंत्री श्री रामनारायण डूडी ने जिले में राजस्व के लम्बित प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित कर लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए है। श्री डूडी बुधवार को हनुमानगढ में जिला कलैक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण करने के लिए कई प्रकार की छूट प्रदान की है, इनका सभी को लाभ दिलाने के लिए प्रति सप्ताह कैम्प आयोजित करें। उन्होंने टीसी से पुख्ता आवंटन के प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। टी सी से पुख्ता आवंटन के बकाया प्रकरणों में नोटिस जारी कर उन्हें तामील कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए छूट की अवधि को ३० सितम्बर २००७ से आगे नही बढाया जाएगा। इस अवधि के बाद राशि जमा नहीं कराने पर भूमि को अराजीराज घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व सघन प्रचार -प्रसार कर लोगों को अंतर राशि जमा कराने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाए। जिला कलेक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा ने गॉव व शहर के आस -पास की भूमि को भविष्य की जरूरतों के मध्यनजर आरक्षित करने का सुझाव प्रस्तुत किया।
नोहर-भादरा क्षेत्र में चक बन्दी के सम्बन्ध में हुई चर्चा में राजस्व मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों व जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री ने खालों , नालों, राजस्व व सिंचित क्षेत्र विकास आदि के समस्त कार्यो को एक साल में करवाने के निर्देश दिए है। इसके लिए शर्तों व समय सीमा का निर्धारण करते हुए जल्दी ही कार्य को आरम्भ किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर नोहर श्री हुकम चन्द गोदारा ने बताया कि इस सम्बन्ध में मंगलवार को बीकानेर में हुई बैठक में वेपकोष ने दरों के बारे में विवरण प्रस्तुत किया तथा वेपकोष सर्वे से लेकर रिकॉर्डिंेग तक का कार्य करेगी। इस सम्बन्ध में कम्पनी द्वारा ३१ जुलाई तक ब्यौरा दिया जाएगा। इस सम्बन्ध में भादरा के विधायक डॉ. सुरेश चौधरी व नोहर के विधायक श्री बहादुर सिंह ने कार्य को शीघ्रता से आरम्भ कर लोगों को लाभान्वित करने का आग्रह किया । टिब्बी के विधायक श्री धर्मेन्द्र मोची ने रावतसर व भैरूसरी में रीफीटिंग के प्रकरणों की ओर ध्यान आकर्षित किया। पीलीबंगा तहसील में विशेष आवंटन तथा टीसी से पुख्ता प्रकरणों पर हुई चर्चा में पीलीबंगा के विधायक श्री रामप्रताप कासनियां ने बताया कि जीएफसी से बाहर के कई प्रकरण १९८८ से पहले के बकाया है, जिनका रेग्यूलराईजेशन शेष है।
भादरा के विधायक डॉ. सुरेश चौधरी ने सिद्धमुख नोहर परियोजना में रास्तों से सम्बन्धित समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि अनावश्यक व बन्द पडे रास्तों को निरस्त कर दिया जाए। इस पर जिला कलेक्टर ने सदन को अवगत कराया कि सभी तहसीलदारों को सडको ं तथा सीएडी के रिकॉर्ड के अनुसार इन्द्राज करने के निर्देश दिए गए है।
बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी , सांसद श्री निहाल चन्द, राजस्व मंत्री के विशेष विशिष्ट सहायक श्री ताराचन्द सहारण, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नोहर श्री हुक्मचन्द गोदारा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन श्री हनुमान सिंह शेखावत सहित उपखण्ड अधिकारी , तहसीलदार, नायब तहसीलदार व राजस्व विभाग के कार्मिक मौजूद थे।