बीकानेर। उरमूल डेयरी कर्मचारियों ने शनिवार को कर्मचारियों को छठे वेतनमान देने के आदेश पारित करने की मांग को लेकर डेयरी प्रबंध निदेशक आर एस गोदारा का घेराव कर एमडी कार्यालय के समक्ष धरना देकर विरोध जताया। कर्मचारी नेता प्रेमरतन स्वर्णकार ने बताया कि अधिकारियों द्वारा आर्थिक स्थिति कमजोर बताकर हमें इस लाभ से वंचित किया जा रहा है। जबकि अन्य जिले की डेयरी कर्मचारियों को इसका लाभ दिया जा चुका है लेकिन एमडी की हठधर्मिता के कारण उन्हें यह लाभ नहीं दिया जा रहा है। घेराव के दौरान महिला कर्मचारी भी शामिल थीं उन्होंने एमडी के खिलाफ नारेबाजी कर छठे वेतन आयोग का लाभ दिये जाने की मांग की। इस संबंध में एमडी आर एस गोदारा ने पत्रकारों को बताया कि इस वर्ष के बजट में कर्मचारियों को छठे वेतनमान का प्रावधान कर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में प्रस्ताव पास करवा लिया गया है। इस प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजा जा रहा है स्वीकृति मिलने के बाद कर्मचारियों को लाभ दे दिया जायेगा। जबकि कर्मचारियों ने एमडी के इस बयान पर आपत्ति बताते हुए कहा कि बीओडी में स्वीकृत होने के बाद एमडी इस कार्य के आदेश जारी कर सकते हैं परंतु उन्होंने इस प्रकरण को लंबित करने के लिए यह प्रकि्रया अपनाई।