श्रीगंगानगर, २५ अगस्त/ जिला कलेक्टर श्री भवानी सिंह देथा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वे फरीयादी निम्मा देवी पत्नि राजाराम जाति बावरी को बीमा कम्पनी से २५ हजार रूपये की सहायतार्थ राशि १५ दिवस में उपलब्ध करवाये।
श्री देथा ने ये निर्देश आज जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक में दिये। उल्लेखनीय है कि प्रार्थी निम्मा देवी ने समिति से गुहार की थी कि उसके नसबंदी ऑपरेशन करवाने के बावजूद वह फिर से गर्भवती होकर एक बच्ची की माँ बन गयी। उन्होने सभी विभागो के अधिकारियो को निर्देश दिये कि जन अभाव अभियोग से संबंधित प्रकरणो के निस्तारण में किसी प्रकार की कौताही नही बरती जावे। बैठक में जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता संबंधि विभिन्न १६ प्रकरणो पर विचार विमर्श कर अधिकारियो को दिशा निर्देश दिये।
सिंचाई विभाग के सेवानिवृत माली श्याम लाल के प्रकरण में में जिला कलेक्टर ने विभाग को निर्देशित किया कि उनकी गेच्यूटी के भुगतान के मामले में शीघ्र कार्यवाही कर प्रार्थी को राहत उपलब्ध करवायी जाये। स्थानीय आनन्द विहार कि निवासी नरेन्द्र कुमार के जलदाय विभाग द्वारा बिना वजह कनैक्शन काटने के सन्दर्भ में विभाग के अधिकारियो ने समिति को अवगत कराया कि प्रार्थी की शिकायत का समाधन कर दिया गया है। विजयनगर के साहबराम ने शिकायत की कि उसकी फर्म द्वारा किये गये कार्यो के भुगतान के सन्दर्भ में जिला कलेक्टर ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिये कि आगामी २३ सितम्बर-०७से पूर्व इस प्रकरण का निस्तारण कर प्रार्थी को नियमानुसार भुगतान की कार्यवाही करे। घमुडवाली की रूकमा देवी की शिकायत पर पदमपुर के राजस्व तहसीलदार ने बताया कि प्रार्थी की जमीन पर नाजायज कब्जेदार को हटाकर प्रार्थी को कब्जा दिला दिया गया है।
जिला कलेक्टर ने सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग को निदेशित किया कि वे विभाग की योजनाओं को अधिक सकि्रयता से अधिकाधिक लोगो को लाभान्वित करे।
जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती विनीता ठाकुर ने बैठक में कहा कि जिन अनुसूचित जाति के लोगो की जमीनो पर स्वर्ण जाति के लोगो ने कब्जे कर रखे है, ऐसे प्रकरणो को सूचीबद्व कर राजस्व अधिकारी इस सन्दर्भ में मुकदमे दर्ज करवाये।
ए.डी.एम. प्रशासन श्री परमेश्वर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त अभाव अभियोग सें संबंधित प्रकरणो का निस्तारण अधिकारीगण एक सप्ताह के अन्दर भिजवाने की व्यवस्था करे।
बैठक में समिति के सदस्य एवं नगर के पूर्व अध्यक्ष श्री महेश पेडीवाल एवं मोहम्मद हुशैन कुरैशी सहित संबंधित विभागो के अधिकारियो ने भाग लिया।