बीकानेर। जिला कलक्टर गुहा ने कहा है कि पानी व बिजली विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय रखते हुए पेयजल की आपूर्ति को निरन्तर बनाए रखें। बीकानेर शहर व ग्रामीण क्षेत्रा में कहीं भी पानी की किल्लत नहीं हो इसके पुख्ता इंतजाम करें। बदलते मौसम को देखते हुए पेयजल के नियमित नमूने संग्रहित कर उनका परीक्षण किया जाए। गुहा मंगलवार को कलक्ट्रेट सभा कक्ष में पानी, बिजली, चिकित्सा से संबंधित साप्ताहिक बैठक की अध्यक्षता कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि भादवा माह में बीकानेर जिले में विभिन्न स्थानों में मेले के आयोजन होते है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इन मेलों के मार्ग पर शिविर लगाकर यात्रिायों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय इमदाद प्रदान करें। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि पानी की मुख्य लाइन व उससे निकलने वाली अन्य लाइनों में किसी तरह की टूट फूट से पानी व्यर्थ नहीं बहें। पाइप लाइनों की टूट फूट व लीकेज को तत्काल ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां विद्युत आपूर्ति में परेशानी हो वहां जनरेटर के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाए। बैठक में अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन असरफ अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।