जयपुर, २५ अक्टूबर। दीपावली के त्यौहार पर सजावट के लिए बिजली की दरों में कोई बढोतरी नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने यह आश्वासन कुछ दिनों पहले उनसे मिलने गए जयपुर के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों को दिया था और राज्य सरकार पिछले सालों की तरह इस बार भी सजावट के लिए बिजली की दरों में कोई बढोतरी नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश की पालना में ऊर्जा सचिव श्री यदुवेन्द्र माथुर जयपुर विद्युत वितरण कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर दीपावली पर सजावटी रोशनी के लिए पिछले सालों में ली जा रही दरों पर ही बिजली उपलब्ध कराने को कह चुके हैं।
जयपुर के महापौर श्री अशोक परनामी की अगुवाई में व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने जब मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर सजावट के लिए बिजली महंगी नहीं करने का आग्रह किया था तो मुख्यमंत्री ने उसी समय कह दिया था कि सजावट के लिए बिजली महंगी नहीं होगी।
राज्य बिजली नियामक आयोग ने इस साल अगस्त माह में अपने स्तर पर सजावट के लिए बिजली की दरों में पचास प्रतिशत की बढोतरी करने को कहा था, लेकिन सरकार ने इन दरों में बढोतरी नहीं करने का निर्णय लिया।