बीकानेर जाट धर्मशाला में हुए यूथ कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम में एसपीजी द्वारा बनाये गये सुरक्षा इंतजाम में व्यवस्था धरी रह गई। कार्यक्रम में एक समाचार पत्र के प्रेस फोटोग्राफर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता बनकर बैठ गये। जब इसकी सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई तो उन्होंने भी अनभिज्ञता जताते हुए उसे यूथ कांग्रेस का सदस्य बताया। एक ओर जहां शिक्षा मंत्री कार्यक्रम को कवरेज करने की मनाही कर रहे थे वहीं सुरक्षा को धत्ता बताकर इस प्रकार एक फोटोग्राफर का अंदर घुस जाना सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगाता है। उधर एसपीजी द्वारा प्रेस फोटोग्राफर बी.जी. बिस्सा व विक्रम जागरवाल के साथ किये गये दुर्व्यवहार पर मीडिया कर्मियों ने रोष जताया है। मीडिया कर्मियों ने कहा कि एसपीजी की सेंशरशिप के चलते इन दोनों पत्रकारों को कार्यक्रम स्थल से बाहर आना पडा। कांग्रेस युवराज का करना पडा इंतजार कांग्रेस में नई चेतना व जान फूंकने के लिये देश में दौरों पर निकले कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी के बीकानेर दौरे पर मंत्रियों सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यक्रता सुबह 9 बजे से गजनेर रोड पर अलग-अलग जगहों पर स्वागत के लिये खडे कांग्रेस जनों को न मिलने का मलाल तो था ही वहां उमडी भीड से खरी खोटी भी सुननी पडी। दो घंटे इंतजार के बाद भी कांग्रेस जनों व राहुल को देखने पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी। आज यहां पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने जाट धर्मशाला में आयोजित सम्मेलन के दौरान मौके पर मौजूद युवाओं को तो खूब तवज्जों दी और उनके साथ उत्साह से संवाद किया मगर इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया, जिसके कारण पार्टी के साथ लम्बे अंतराल से जुडे नेताओं के चेहरों पर निराशा की झलक साफ दिखाई दे रही थी। खास बात यह रही कि कांग्रेस के ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं को सम्मेलन में शामिल होने के लिये इजाजत तक नहीं दी गई। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों के बीच चर्चा थी कि कांग्रेस में अब राहुल की सक्रियता के बाद पार्टी के बुढे बुजुर्ग नेताओं को राजनीति से रिटायर करने की शुरूआत हो चुकी है। यही वजह है कि राहुल अपने कार्यक्रमों में कांग्रेस के बूढे बुजुर्गों को ज्यादा तवज्जों नहीं देते। राहुल गांधी का आज यहां बीकानेर आगमन का कार्यक्रम 9.15 बजे का था, मगर वह अपने भारी काफिले के साथ करीब तीन घंटे लेट 12.9 बजे यहां पहुंचे। तीन घंटे देरी का यह इंतजार मौके पर उमडे कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफी ‘अखरा’। राहुल गांधी के आज यहां आगमन पर उनकी एक झलक पाने सहित उनके स्वागत सत्कार के लिये नाल रोड पर जगह-जगह फुल मालाएं हाथ में लिये तीन चार घंटे इंतजार में खडे कांग्रेस जनों को उस समय घोर मायूसी हुई जब राहुल गांधी अपने काफिले के साथ काले शीशे की लक्जरी गाडी में सीधे निकल गये। इस दौरान उन्होंने अपने स्वागत के लिये खडे कांग्रेस जनों की तरफ झांक कर भी नहीं देखा। जाट धर्मशाला पुलिस छावनी बनी कांग्रेस स्टार राहुल गांधी और मुख्यमंत्री समेत पार्टी के दिग्गज नेताओं के आज यहां जाट धर्मशाला में आयोजित सम्मेलन में पहुंचने के मौके पर सुरक्षा एजेंसियों समेत स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था इस कदर चाक चौबंद रही कि समूची जाट धर्मशाला और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।