गरीब वर्ग को छत मुहैया कराना मण्डल की पहली प्राथमिकता
25 Dec
2007
राजस्थान आवासन मण्डल के अध्यक्ष सरदार श्री अजय पाल सिंह ने कहा है कि आमजन की भावना एवं आकांक्षा के अनुरुप मण्डल की पहली प्राथमिकता प्रदेश के सभी शहरों में हर वर्ग के गरीब को छत मुहैया कराने की है।
जयपुर, २५ दिसम्बर। राजस्थान आवासन मण्डल के अध्यक्ष सरदार श्री अजय पाल सिंह ने कहा है कि आमजन की भावना एवं आकांक्षा के अनुरुप मण्डल की पहली प्राथमिकता प्रदेश के सभी शहरों में हर वर्ग के गरीब को छत मुहैया कराने की है। उन्होंने कहा कि आवास आवंटन के साथ-साथ मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के लिए मण्डल कृतसंकल्प है।
श्री अजयपाल सिंह सोमवार को अलवर में एनईबी विस्तार आवासीय योजना में २८ लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर भवन का विधिवत रुप से उद्घाटन करने के साथ ही अरावली कुन्ज योजना एवं विशिष्ट पंजीकरण योजना की पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मण्डल अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे द्वारा प्रदेश के चहमुखी विकास के लिए दृढंसकल्प को ध्यान में रखते हुए मण्डल में भी जहां एक समय मात्र ७० करोड रुपये का बजट था उसमें अप्रत्याशित बढोत्तरी कर करीब ५०० करोड किया गया । उन्होंने आवंटियों का आव्हान किया कि मण्डल द्वारा ब्याज दर में दी जा रही छूट का लाभ उठायें । श्री सिंह ने जनता की मांग को देखते हुए एनईबी विस्तार आवासीय योजना में नवनिर्मित सामुदायिक भवन में खुली जमीन पर पार्क बनाने के निर्देश उपआवासन आयुक्त को दिये।
उन्होंने कहा कि जिस कॉलोनी की विकास समिति सक्रिय होती हैं वहां सन्तुलित विकास के सभी कार्य समय पर होते रहते हैं। विकास समिति की मांग पर उन्होंने एनईबी आवासीय योजना का नाम प्रीत विहार करने की घोषणा की, साथ ही विश्वास दिलाया कि यदि स्वास्थ्य विभाग चिकित्सकों की नियुक्ति की स्वीकृति देता है तो कॉलोनी में डिस्पेन्सरी के लिए जमीन चिन्हित कर निर्माण करा दिया जायेगा।
इस अवसर पर मेवात विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री नसरु खां ने आवासन मण्डल के अध्यक्ष से एनईबी विस्तार कॉलोनी में विकास कार्य कराने की मांग की तथा विधायक श्री धर्मपाल चौधरी ने कहा कि एनईबी विस्तार योजना में जिन व्यक्तियों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है, उन्हें मुआवजा दिलाया जाये। पूर्व विधायक श्री ज्ञानदेव आहूजा ने कहा कि एनईबी विस्तार योजना में हो रहे अतिक्रमण को हटाकर वास्तविक व्यक्ति को लाभ दिलाया जाये।
समारोह में आवासन मण्डल के सदस्य श्री शम्भू दयाल बडगूजर, नगर परिषद के अध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, आवासन मण्डल के उपायुक्त श्री एच.एस.शर्मा, तृप्ति जैमन,अशोक गोयल सहित अनेक व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर मण्डल के अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता श्री के.सी.मीणा, विधायक श्री जयराम जाटव,नगर उपसभापति शशि तिवाडी, के.जी.खण्डेलवाल, संजय शर्मा, संजय नरुका, रामजी लाल वर्मा सहित अनेक जन प्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
|