प्राप्त परिवादों का तत्काल निस्तारण करे- श्री बिडला
25 Dec
2007
संसदीय सचिव एवं प्रभारी जन अभाव अभियोग निराकरण ‘मुख्यमन्त्री कार्यालय‘ श्री ओम बिडला ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त होने वाले परिवादों का समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित कर तत्काल निस्तारण करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जयपुर, २५ दिसम्बर। संसदीय सचिव एवं प्रभारी जन अभाव अभियोग निराकरण ‘मुख्यमन्त्री कार्यालय‘ श्री ओम बिडला ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त होने वाले परिवादों का समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित कर तत्काल निस्तारण करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि परिवादियों के प्रार्थना-पत्रें के सम्बन्ध में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही कर उन्हें राहत पहुंचाई जायें। आम-अवाम को न्याय मिले एवं लोगों की जन समस्याओं का निस्तारण तहसील एवं उपखण्ड स्तर पर हो जायें, ऐसी व्यवस्था की जाए। उन्होंने जन साधारण की परिवेदनाओं के निस्तारण में कोताही बरतने वाले अधिकारियों -कर्मचारियों के विरूद्ध कडी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
श्री बिडला सोमवार को जैसलमेर में आयोजित जन अभाव अभियोग निराकरण लम्बित परिवाद समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
संसदीय सचिव ने कहा कि जैसलमेर क्षेत्रफल की दृष्टि से प्रदेश व देश का विशालतम जिला है इसलिये जिले के दूरस्थ क्षेत्रें में निवास कर रहे नागरिकों की जन समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जायें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर अलग से अभाव-अभियोग निराकरण प्रकोष्ठ का गठन किया जायें। इसके साथ ही गांवों व ढाणियों से आने वाले परिवादियों की समस्याओं को पूरे मान-सम्मान के साथ सुना जाये तथा उनके शीघ्रता से निस्तारण की व्यवस्था की जायें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जरूरतमंद लोगों को न्याय मिलना चाहिए तथा ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए कि लोगों को मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत करने की आवश्यकता ही नहीं रहे।
जैसलमेर नगर एवं जिले में पर्यटन विकास की विपुल सम्भावनाओं की चर्चा करते हुए श्री बिडला ने कहा कि स्वर्ण नगरी में सभी आधारभूत सुविधाएं सुलभ कराई जायें। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी निर्धन व्यक्ति जो अपना उपचार करवाने में समर्थ नहीं है,उसे उनके जयपुर स्थित निवास पर भिजवाया जाये ताकि मुख्यमन्त्री सहायता कोष योजनान्तर्गत उनका समुचित उपचार करवाया जा सके।
जिला कलक्टर श्री विनोद पंड्या ने कहा कि जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रें के निवासियों की जन समस्याओं के निराकरण के लिये प्रति सप्ताह सोमवार को जिला मुख्यालय पर जन सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है तथा अच्छी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये जन सुनवाई में पहुंच रहे हैं। श्री पंड्या ने बताया कि अप्रेल से २३ दिसम्बर तक १५२ प्रकरण प्राप्त हुए जिनमे से १५० परिवादों का निस्तारण किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक श्री नवज्यौति गोगोई ने बैठक में बताया कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं बनाए रखने में पूरा-पूरा योगदान दिया जाएगा।
इस अवसर पर सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
|