राज्य के कोटा में जिले में कोटा-उदयपुर हाईवे पर निर्माणाधीन पुल बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक भरभराकर गिर गया। पुल के नीचे पचास से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है। अब तक दसशवों को बाहर निकाला गया है। बचाव कार्य अभी जारी है। रात का अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। प्रशासन ने मदद के लिए सेना और आरएसी को बुलाया है। सेना के जवानों ने पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिए है। यह पुल चंबल नदी पर बना हुआ होने के कारण नदी में लोगों के गिरने की आशंका को देखते हुए सेना के जवान नदी में शव तलाशने में जुटे है। गोताखोरों को बुलाया गया है।अंधेरे के कारण पानी में शव तलाशने में मुश्किल पैदा हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 76 पर बन रहे इस पुल का निर्माण कार्य लगभग समाप्त होने वाला था। करीब पचास मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इनके अलावा कुछ अन्य लोग भी वहां थे। करीब दो सौ मीटर पूल के निर्माणाधीन होने के कारण वाहनों की आवाजाही यहां से नहीं थी। घटनास्थल जंगल में होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।