जयपुर, मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने राज्य स्तरीय गणतंत्र समारोह के दौरान आज अजमेर में राज्यपाल के कर कमलों से सम्मानित एक महिला श्रीमती प्रवेश देवी डागुर को उसके साहसिक प्रयास के लिए बधाई दी और सम्मान स्वरूप दी गई राशि को अपनी पुत्री के सुरक्षित भविष्य के लिए सावधिक खाते में जमा कराने का सुझाव दिया।
श्रीमती प्रवेश देवी ने प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कैला देवी में काली सिंध बांध पर स्नान करते समय एक महिला और उसके पाँच वर्षीय बच्चे को बांध में डूबते देख अपनी साडी की रस्सी बनाकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए उन्हें बचाया और अदम्य साहस का परिचय दिया। इस साहसिक प्रयास कार्य के उपलक्ष में राष्ट्रपति ने श्रीमती डागुर को वर्ष २००७ का जीवन रक्षा पदक प्रदान किया है।
राज्यपाल से जीवन रक्षा पदक और सम्मान राशि प्राप्त करते समय मुख्यमंत्री सहित उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से इस महिला की साहसिकता का गर्म जोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने करौली जिले के गांव ढिंढौरा की निवासी श्रीमती डागुर को आत्मीयता के साथ अपने पास बुलाया, पीठ थपथपाई और बधाई दी। श्रीमती राजे ने उससे परिवार के बारे में जानकारी ली। महिला ने जब यह बताया कि उसकी एक पुत्री है तो मुख्यमंत्री ने परामर्श दिया कि वह उसके भावी सुरक्षित भविष्य के लिए सम्मान राशि सावधिक खाते में जमा कराये जिसे उसने सहर्ष स्वीकार कर लिया।