चिकित्साकर्मियों को मिलेंगे मोबाईल
26 Feb
2008
बेहतर समन्वयन के लिए विभागीय पहल

डूंगरपुर (सू.क.)जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढीकरण व विभागीय सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण व बेहतर समन्वयन स्थापित करने की दिशा में विभाग द्वारा जिले में विभाग के समस्त चिकित्साकर्मियों एवं चिकित्साधिकारियों को मोबाईल फोन दिए जाएंगे।
यह जानकारी जिला कलक्टर नीरज के. पवन की अध्य्रक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दी गई। बैठक में बताया गया कि जिले में इसके तहत लगभग एक हजार मोबाईल सेट दिए जाएंगे जो कि क्लोज्ड यूजर ग्रुप से जुडे होंगे। कलक्टर ने कहा कि इस व्यवस्था से विभागीय अधिकारियों को कार्यों के संपादन और बेहतरीन समन्वयन में सहायता मिल सकेगी।
बैठक में जिला कलक्टर ने जिले में जननी सुरक्षा योजना एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम के बेहतर संचालन के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान कलक्टर ने कहा कि जिन ६४ आदर्श सब सेण्टरों पर प्रसव करवाए जा रहे हैं, वहां भी अब जननी सुरक्षा योजना के प्रावधानों का लाभ मिल सकेगा।
आरंभ म मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.एल.पारगी ने कलक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों व समिति सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में उपखण्ड अधिकारी हनुमानसहाय मीणा, डॉ एस एन जोनवाल, एच एस राव, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, एनआरएचएम से संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।
|