कलेक्टर ने किया संग्रहालय का अवलोकन,कलाकृतियों को देखकर सम्मोहित हुए कलेक्टर
डूंगरपुर २६ जून/ जिला कलेक्टर नीरज के. पवन ने मंगलवार को राजमाता देवेन्द्र कवर राजकीय संग्रहालय का अवलोकन किया और यहां दर्शाई गई कलाकृतियों को देखकर सम्मोहित हुए । आज दोपहर यहां पहुंचे कलेक्टर पवन ने सर्वप्रथम भवन परिसर में रखी हुई खण्डित प्रतिमाओं और पाषाण स्तंभों का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय के भीतर मुख्य द्वार पर स्थित तांत्रिक गणेश की प्रतिमा को देर तक निहारा और इसकी बनावट की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय की प्रथम दीर्घा में दर्शायी गई पुरातत्व संपदा को देखा। पुरातत्व विभाग के उमाकांत पारीख और वीरेन्द्रसिंह बेडसा ने यहां जिले के आमझरा, गलियाकोट, बडौदा से संग्रहित गुप्तकाल से लेकर सोलहवीं शताब्दी तक की विभिन्न प्रतिमाओं की पुरातात्विक व धार्मिक महत्ता के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर ने वीणाधर शिव, मृग चर्म धारण किए हुए ब्राह्मी, हरिहर प्रतिमा, गरूढासन वैष्णवी, पद्मपाणि यक्ष, कौमारी और महिषासुरमर्दिनी की प्रतिमा के शिल्प सौन्दर्य को सराहा और कहा कि यहां का प्राचीनतम शिल्प अप्रतिम है, नई पीढी को हमारे इस अप्रतिम अतीत के गौरव को दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया जाए कि प्रत्येक विद्यालय के विद्यार्थियों को वर्ष में एक बार इस संग्रहालय की सैर अवश्य करवाने संबंधी आदेश जारी करें। कलेक्टर ने संग्रहालय की द्वितीय सांस्कृतिक दीर्घा में शासकीय डाक टिकटों से निर्मित विजय स्तंभ एवं कुतुबमीनार के साथ ही धातु निर्मित कलाकृतियों, मोलेला के टेराकोटा शिल्प, बडौदा से प्राप्त सूर्यनारायण प्रतिमा तथा यहां मौजूद विभिन्न पेन्टिंग्स और छायाचित्रों को भी देखकर सौन्दर्य की प्रशंसा की। संग्रहालय की समस्याओं पर चर्चा करने पर संग्रहालय के प्रभारी भगवानसहाय और मनीष त्रिवेदी ने बताया कि संग्रहालय में बिजली की समस्या है वहीं यहां पर काउकेचर के अभाव में मवेशी भवन में प्रवेश कर जाते हैं। कलेक्टर ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को आश्वस्त किया। उन्होंने संग्रहालय के ब्रोशर के अभाव की जानकारी पर संग्रहालय प्रभारी को शीघ्र तैयार करवाने के निर्देश दिए। --००-- फोटो केप्शन ः डूंगरपुर के राजमाता देवेन्द्र कवर राजकीय संग्रहालय में प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन करते जिला कलेक्टर नीरज के.पवन, संग्रहालय में स्थापित तांत्रिक गणेश प्रतिमा का अवलोकन करते कलेक्टर।