धार में बिराजेंगी त्रिपुरा सुन्दरी मैया
बांसवाडा, २६ जून/ मध्यप्रदेश की गौरवमयी धरती धार में त्रिपुरा सुन्दरी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसे धार के मन्दिर में शीघ्र ही प्रतिष्ठित किया जाएगा। उमराई(तलवाडा) के प्राचीनतम त्रिपुरा सुन्दरी मन्दिर में स्थापित देवी की विशाल एवं अद्भुत प्रतिमा मालवा के महाराजा विक्रमादित्य की आराध्य देवी भी रही हैं और देवी त्रिपुरा सुन्दरी की हूबहू मूर्ति मालवा में स्थापित होने जा रही है। तलवाडा में त्रिपुरा सुन्दरी मूर्ति का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसका निर्माण तलवाडा के प्रमुख शिल्पी धनपाल सोमपुरा ने अपने सहयोगियों यशवन्त सोमपुरा तथा अनोखीलाल के सहयोग से किया है। त्रिपुरा सुन्दरी की हूबहू यह मूर्ति सात फीट ऊँची तथा ४.५ फीट चौडी है। इसके निर्माण में छह माह लगे हैं। यह पारेवा पत्थर से बनायी गई है। इस बारे में मूर्तिकार धनपाल सोमपुरा ने बताया कि आठ माह पूर्व धार से विशिष्ट श्रद्धालु त्रिपुरा सुन्दरी मन्दिर की प्रसिद्धि सुनकर दर्शन करने तलवाडा आए थे। मूर्ति से प्रभावित होकर हूबहू मूर्ति बनाने का आदेश दे गए। इसके बाद मूर्ति निर्माण शुरू हुआ। यह पक्का प्रयास किया गया है कि मूर्ति की प्रतिकृति वास्तविक जैसी हो। इसके लिए बारीक काम किया गया है। मूर्ति के अधोभाग में श्रीयंत्र भी अंकित है। अब जल्द ही धार के श्रद्धालु इस मूर्ति को विधिविधान के साथ अपने साथ ले जाएंगे तथा वहां मन्दिर में इसकी स्थापना की जाएगी।