जयपुर, २६ अगस्त। वन, पर्यावरण एवं खनिज मंत्री श्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा है कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों में आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं प्रेम की भावना को विकसित करती है। उन्होंने कहा कि खेल एक जुट होकर विजयी बनने की सीख देता है जो हर क्षेत्र में उपयोगी है।
श्री दवे शनिवार को पाली जिले के मारवाड जंक्शन तहसील के दादिया गांव में ५२वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में उपस्थित बाल खिलाडयों एवं जन समुदाय को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतियोगिता हमें जीवन में हर क्षेत्र में आगे बढने की प्रेरणा देती है। अतः बालक को प्रतियोगी भावना के साथ आगे बढने की ललक रखनी चाहिये। उन्होंने कहा कि जीवन में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद गतिविधियां भी जरूरी है। वन मंत्री ने विजेता एवं उप विजेता खिलाडयों को पुरस्कार प्रदान कर अपनी ओर से शुभकामनाएं दी।
ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए श्री दवे ने पिछले तीन वर्ष में इस क्षेत्र में करवाए गये विकास कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि कंटालिया एवं गजनेई बांध से इस क्षेत्र के गांवों को मीठा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी तरह सजत विधान सभा के पश्चिमी क्षेत्र के गांवों में जंवाई बांध से मीठा पानी पहुंचाने की योजना प्रगति पर है।
इस अवसर पर वन मंत्री ने दादिया गांव में विश्रांति भवन व सी.सी.रोड निर्माण की घोषणा भी की।
इस ५२वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में फुटबाल व हैण्डबाल में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धून्धला तथा खो-खो में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जिझांडी विजेता रही।
प्रतियोगिता समारोह में नगर पालिका सोजत के अध्यक्ष श्री भंवरलाल टांक, उपखण्ड अधिकारी श्री दिनेश शर्मा, पंचायत समिति सदस्य श्री इन्द्रचंद अरोडा व श्री गणेशीलाल सहित अनेक ग्रामीण प्रतिनिधि उपस्थित थे।