बीकानेर। शहर के रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में स्थित औद्योगिक इकाइयों को अब उनकी मांग के अनुरूप 3 लाख गैलन पानी की आपूर्ति प्रतिदिन की जायेगी। यह निर्णय आज यहां कलक्टर सभाकक्ष में आज हुई जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक के दौरान जिला कलक्टर गुहा ने लिया। उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग के अधिकारी इस मामले में नहर विभाग के अधिकारियों से तालमेल कर रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को उनकी मांग के अनुरूप पानी आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।इसके अलावा रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख सडकों पर सफाई व्यवस्था सुचारू किये जाने तथा क्षेत्र में नाजायज कब्जों को हटाने का निर्णय भी बैठक में प्रमुखता से लिया। गुहा ने कहा कि रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में कायम अवैध अतिक्रमणों को बकायदा अभियान चलाकर हटाया जायेगा। उन्होंने बैठक में मौजूद उद्योग व्यवसाय जगत के प्रतिनिधियों को बताया कि रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों को रीको द्वारा आवंटित भूमि पर निर्माण के लिए भी अलग अलग व्यवस्था की गई है तथा निर्माण के मामले में दाल मिल, वूलन मिलन, पापड बडी उद्योग व टाइल्स उद्योग की इकाइयों को विशेष छूट दी गयी है। कलक्टर ने कहा कि यह निर्णय भी औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों की मांग के अनुरूप किया गया है। जिला कलक्टर ने बैठक के दौरान बताया कि बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में भी गंदे पानी की निकासी के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। बैठक में उन्होंने उद्योग व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों से कई मसलों पर चर्चा की। बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर.एस. अवस्थी उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसिया, दिलीप पारीक, श्रीधर शर्मा, सुभाष मित्तल, प्रदीप गुप्ता, बेगराज नागपाल भी मौजूद थे।