बीकानेर। दस्तकारों को मंच देने के लिए जहां शहर में आर्टिज्म हब बनाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर इन्हें राज्य स्तर पर मंच प्रदान करने के लिए सरकार ने योजना बनाई है। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर.एस. अवस्थी ने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश में आरटीडीसी की पांच होटलों का चयन किया गया है, जहां स्टाल लगाकर दस्तकारों के हाथों से बनी कलाकृतियों की बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जायेगा। अवस्थी ने बताया कि केवीआईएस एवं रूडा के संयुक्त तत्वावधान में एक एजेंसी बनाई गई है, जो विदेशी व देशी पर्यटकों की मांग के अनुरूप दस्तकारों को उनके बनाये गये उत्पादों का आर्डर देगी और यही एजेंसी आरटीडीसी की होटलों व स्टॉलों को उत्पाद सप्लाई करेगी। उन्होंने बताया कि दस्तकारों को अपनी फर्म बनानी होगी। क्योंकि दस्तकारों को अपने प्रत्येक उत्पाद पर अपनी कंपनी या फर्म, उत्पाद की कीमत आदि का टैग लगाकर अनिवार्य होगा। आरटीडीसी के होटलों पर बनाये गये काउंटर पर दस्तकारों द्वारा बनाये गये उत्पादों की बिक्री का समय प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। सरकार द्वारा शुरू की जा रही इस योजना से निश्चित रूप से दस्तकारों की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन सकेगी और उन्हें आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा।